लखनऊ में स्कूली मिनी बस में लगी आग, एक बच्चा झुलसा: जांच में 13 वाहनों की फिटनेस और परमिट मिले समाप्त

इटौंजा के शार्प ग्लोबल स्कूल में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 17 स्कूली वाहनों की जांच में 13 सीज, 4 के चालान


लखनऊ। इटौंजा क्षेत्र स्थित शार्प ग्लोबल स्कूल में स्कूली बच्चों को ले जा रही एक मिनी बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बस के इंजन से धुआं उठने के बाद आग लगी। हादसे में एक बच्चा झुलस गया। घटना के बाद परिवहन विभाग और इटौंजा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन की जांच की।
परिवहन विभाग के अनुसार, हादसे में शामिल मिनी बस संख्या UP 81 BT 6203 स्कूल प्रबंधन द्वारा लखनऊ में नियमानुसार पंजीकृत कराए बिना स्कूली बच्चों के आवागमन में इस्तेमाल की जा रही थी। विभागीय जांच में सामने आया कि वाहन मूल रूप से एटा कार्यालय में पंजीकृत है। वाहन के लिए 31 जुलाई 2025 को लखनऊ के लिए NOC प्राप्त हुई थी, लेकिन इसके बाद वाहन को लखनऊ कार्यालय में नियमानुसार पंजीकृत नहीं कराया गया।
जांच में वाहन की फिटनेस 12 जनवरी 2026, बीमा 5 जनवरी 2026 और प्रदूषण प्रमाणपत्र 18 नवंबर 2025 को समाप्त पाया गया। परिवहन विभाग के मुताबिक वाहन का परमिट भी वैध नहीं था। मामले में एआरटीओ प्रवर्तन लखनऊ की ओर से वाहन का चालान किया गया, जबकि इटौंजा पुलिस ने मिनी बस को अपनी अभिरक्षा में ले लिया।
घटना को लेकर स्कूल के प्रबंधक या प्रधानाचार्य और संबंधित चालक के खिलाफ इटौंजा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस मामले में विशेष संवाददाता मोहम्मद नसीर ने आरटीओ प्रवर्तन लखनऊ मंडल प्रभात पांडे से भी बातचीत की।
हादसे के बाद परिवहन विभाग की टीम ने शार्प ग्लोबल स्कूल परिसर में खड़े अन्य स्कूली वाहनों की भी जांच की। विभाग के मुताबिक, कुल 17 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 13 वाहनों के परमिट और फिटनेस समाप्त पाए गए। इन सभी 13 वाहनों को इटौंजा थाने में सीज कराया गया, जबकि चार अन्य वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
वहीं, एआरटीओ प्रवर्तन आलोक कुमार यादव घायल बच्चे के घर पहुंचे और उसके परिवार से मुलाकात कर बच्चे का हाल जाना।
परिवहन विभाग ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आगे की कार्रवाई की तैयारी भी शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार, स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सामने आई कथित अनियमितताओं और स्कूली वाहनों की स्थिति को देखते हुए विद्यालय की मान्यता निलंबित या निरस्त किए जाने के संबंध में शिक्षा विभाग को संस्तुति भेजी जा रही है।
परिवहन विभाग ने जिले के सभी स्कूल प्रबंधनों को भी चेतावनी दी है कि बच्चों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले प्रत्येक वाहन का पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत सभी जरूरी दस्तावेज वैध होने चाहिए।
इटौंजा के शार्प ग्लोबल स्कूल में मिनी बस में आग लगने और एक बच्चे के झुलसने के बाद स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। खास तौर पर स्कूल परिसर में जांचे गए 17 वाहनों में से 13 के परमिट और फिटनेस समाप्त पाए जाने की विभागीय जानकारी ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
परिवहन विभाग का कहना है कि लखनऊ में स्कूली वाहनों समेत व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी है। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन कर संचालित होने वाले स्कूली वाहनों पर प्रभावी निगरानी और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब निगाह शिक्षा विभाग को भेजी जाने वाली संस्तुति और आगे होने वाली कार्रवाई पर है।









