जरूरतमंद बेटियों को हुनर से मिलेगी नई पहचान, महिलाओं का हुआ सम्मान

▪️ आसिफा मेकअप स्टूडियो की अनूठी पहल, वंचित बालिकाओं को निःशुल्क मेकअप प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प
▪️ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को किया सम्मानित, नम्रता पाठक ने वर्चुअल माध्यम से दी शुभकामनाएं
लखनऊ। बेटियों के हाथों में हुनर हो तो आत्मनिर्भरता की राह आसान हो सकती है। इसी सोच को साकार करने के उद्देश्य से जानकीपुरम स्थित आसिफा मेकअप स्टूडियो की ओर से महिला सशक्तिकरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जहां समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया, वहीं आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बालिकाओं को निःशुल्क ब्यूटीशियन और मेकअप प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की गई।

🔴 हुनर बनेगा बेटियों की आत्मनिर्भरता का आधार
कार्यक्रम की आयोजक एवं स्टूडियो संचालिका आसिफा अहमद ने कहा कि आर्थिक अभाव किसी बेटी के सपनों की राह में बाधा नहीं बनना चाहिए। जरूरतमंद बालिकाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर देना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जब एक बेटी आत्मनिर्भर बनती है तो उसका आत्मविश्वास बढ़ने के साथ पूरे परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति मजबूत होती है।

🔴 नम्रता पाठक ने बढ़ाया उत्साह, विशिष्ट अतिथियों ने सराही पहल
समारोह की मुख्य अतिथि समाजसेविका नम्रता पाठक वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए महिला सशक्तिकरण की इस पहल को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग की राज्य कुष्ठ अधिकारी डॉ. जया देहलवी, डॉ. रंजना द्विवेदी एवं भाजपा महानगर उपाध्यक्ष सीता नेगी उपस्थित रहीं।


🔴 समाज में पहचान बनाने वाली महिलाओं को मिला सम्मान
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। कार्यक्रम का संचालन एंकर विनीता जोहरी ने किया। उनके विशेष योगदान के लिए उन्हें भी सम्मानित किया गया।

आसिफा अहमद ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं को केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर भी मिलने चाहिए। कार्यक्रम का समापन जरूरतमंद बेटियों को हुनरमंद बनाने और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने के संकल्प के साथ हुआ।



