मेडिकल कॉलेज में डीएम का औचक निरीक्षण,

अल्ट्रासाउंड सेवा पर जताई नाराजगी।
एटा। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने शुक्रवार को वीरांगना अवंतीबाई लोधी मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीयन कक्ष, वार्ड, पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, डायलिसिस, इमरजेंसी, आईसीयू, पीडियाट्रिक्स वार्ड और रसोई का जायजा लिया।
डीएम ने मरीजों और तीमारदारों से सीधे बातचीत कर दवाओं, भोजन, जांच और चिकित्सकों की विजिट के बारे में जानकारी ली। अल्ट्रासाउंड सेंटर का संचालन निर्धारित समय के अनुसार न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और पैथोलॉजी व अल्ट्रासाउंड सेवाएं नियमित संचालित करने के निर्देश दिए।
डायलिसिस यूनिट की दीवारों में आई समस्या की जानकारी लेते हुए संबंधित पत्रावली तत्काल प्रस्तुत करने और यूनिट को नए भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा। रसोई में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता जांची। डीएम ने चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ को मरीजों के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार करने के निर्देश दिए।
मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करतीं जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली।




