नगरीय विकास के नवाचारों को मिलेगी नई पहचान, मंत्री ए.के. शर्मा ने किया ‘नगरीय सिंधु’ का शुभारंभ

▪️ प्रदेश के नगरीय निकायों की उपलब्धियों और बेहतर कार्यों को साझा करने का बनेगा मंच
▪️ स्वच्छता, जलापूर्ति, सीवरेज और आधुनिक तकनीक से जुड़े नवाचारों को मिलेगी जगह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगरों में विकास कार्यों, नई तकनीकों और बेहतर व्यवस्थाओं को अब एक साझा मंच मिलेगा। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को नगरीय निकाय निदेशालय एवं नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान की मासिक पत्रिका ‘नगरीय सिंधु’ का शुभारंभ किया। पत्रिका के माध्यम से प्रदेशभर के नगरीय निकायों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों, विकास योजनाओं और नवाचारों की जानकारी साझा की जाएगी।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न नगरों में स्वच्छता, जलापूर्ति, सीवरेज, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई उल्लेखनीय प्रयास किए जा रहे हैं। जरूरी है कि एक नगर में सफल प्रयोग की जानकारी दूसरे नगर तक पहुंचे, ताकि अच्छी व्यवस्थाओं को पूरे प्रदेश में अपनाया जा सके।

🔴 आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण से बदलेगी नगरों की तस्वीर
मंत्री ने कहा कि नगरीय विकास केवल सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के निर्माण तक सीमित नहीं है। बेहतर प्रबंधन, आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षित कर्मचारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की जानकारी भी पत्रिका में प्रकाशित होगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

🔴 विकसित भारत के संकल्प को मिलेगी मजबूती
ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश के नगरों को स्वच्छ, सुंदर, आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ‘नगरीय सिंधु’ इन प्रयासों, उपलब्धियों और अनुभवों को साझा करने का प्रभावी माध्यम बनेगी।
मंत्री ने पत्रिका के नियमित और उपयोगी प्रकाशन की अपेक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को बधाई दी।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव एवं निदेशक अनुज कुमार झा, निदेशक सूडा महेंद्र बहादुर सिंह, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर निदेशक रितु सुहास सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


