UPI पर प्रस्तावित MDR को लेकर व्यापारियों ने उठाई आवाज, किया विरोध

15 अक्टूबर से प्रस्तावित व्यवस्था पर पुनर्विचार की मांग, प्रधानमंत्री के नाम सदर विधायक को सौंपा ज्ञापन।
एटा। यूपीआई लेन-देन पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) को लेकर एटा नगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने चिंता जताई है। व्यापारियों ने प्रस्तावित व्यवस्था पर पुनर्विचार की मांग करते हुए प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों ने सदर विधायक विपिन वर्मा ‘डेविड’ को भी ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। व्यापारियों का कहना है कि दो हजार रुपये से अधिक के यूपीआई लेन-देन पर MDR लागू होने की स्थिति में छोटे और फुटकर कारोबारियों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ बढ़ सकता है।
व्यापार मंडल के अनुसार किराना, कपड़ा, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स समेत कई छोटे कारोबारों पर इसका असर पड़ने की आशंका है। व्यापारियों ने कहा कि यूपीआई भुगतान व्यवस्था छोटे कारोबारियों और ग्राहकों के लिए सुविधाजनक माध्यम बन चुकी है। ऐसे में प्रस्तावित शुल्क व्यवस्था को लागू करने से पहले वास्तविक कारोबारी परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
व्यापारियों ने सरकार से प्रस्तावित MDR व्यवस्था पर पुनर्विचार कर छोटे कारोबारियों को राहत देने की मांग की है।
विरोध पदर्शन करते व्यापार मंडल के पदाधिकारी।





