स्वच्छता को मिशन बनाने की छात्रों ने ली शपथ,

एमआरएफ सेंटर का निरीक्षण कर कचरा प्रबंधन की जानकारी ली।
जलेसर/एटा। राज मिशन निदेशालय के निर्देश पर नगर पालिका परिषद जलेसर की ओर से स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रीजी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एमआरएफ सेंटर का भ्रमण कर कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया समझी।
सफाई निरीक्षक महेश चंद्र यादव ने विद्यार्थियों को गीले, सूखे और हानिकारक कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी दी। साथ ही कचरे के उचित निस्तारण और उसके दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। बच्चों को पुरानी किताबें, खिलौने और कपड़े दान करने तथा रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता को अपना मिशन बनाने की शपथ ली। अधिशासी अधिकारी प्रद्युम्न कुमार सिंह, सफाई निरीक्षक महेश चंद्र यादव, कार्यालय अधीक्षक मनोज गोस्वामी, राजवीर सिंह सहित पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।




