बदायूं: समाधान दिवस में 65 शिकायतें पहुंचीं, डीएम ने कहा- लापरवाही हुई तो होगी कार्रवाई

दातागंज में चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण, भूमि विवादों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम जांच करेगी

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में दातागंज तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने आमजन की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक फरियादी को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर स्थलीय सत्यापन कर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए और इसकी अनुपालन आख्या भी उपलब्ध कराई जाए।
भूमि पैमाइश और चकरोड से कब्जा हटाने की शिकायतें
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 65 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 50, पूर्ति विभाग की तीन, विद्युत विभाग की सात, पुलिस की दो और विकास विभाग की तीन शिकायतें शामिल रहीं। अधिकारियों ने मौके पर ही चार शिकायतों का निस्तारण कराया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में भूमि की पैमाइश कराने और चकरोड से अवैध कब्जा हटवाने समेत कई शिकायतें पहुंचीं। भूमि विवाद से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में केवल कागजी कार्रवाई न हो, बल्कि फरियादी को वास्तविक राहत मिलना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




