Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

सीएम डैशबोर्ड में सुधार के लिए अधिकारी गंभीरता से करें कार्य : मंडलायुक्त,

निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश, तकनीकी विशेषज्ञों की तैनाती पर जोर।

एटा। अलीगढ़ मंडलायुक्त ओम प्रकाश आर्य ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यक्रमों, निर्माणाधीन परियोजनाओं और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में मंडलायुक्त ने कहा कि जिले की स्थिति संतोषजनक है, लेकिन कुछ विभागों की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं है। उन्होंने समाज कल्याण, पर्यटन, नियोजन, पंचायती राज, पीडब्ल्यूडी और चिकित्सा विभाग को लंबित कार्यों में तेजी लाकर रैंकिंग में सुधार के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने सीएनडीएस के प्रतिनिधि को कार्यक्षमता और गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त मैनपावर और तकनीकी विशेषज्ञों की तैनाती करने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

ड्रैगन फ्रूट और पॉलीहाउस खेती को दें बढ़ावा,

उद्यान विभाग की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने एटा में ड्रैगन फ्रूट, पॉलीहाउस, पुष्प खेती सहित अन्य लाभकारी कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रगतिशील किसानों को आधुनिक खेती के लिए प्रेरित करने को कहा। मंडलायुक्त ने कहा कि एटा की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि दिल्ली, लखनऊ, आगरा और जयपुर जैसे बड़े बाजारों तक किसानों की पहुंच आसान है।
उन्होंने फार्मिंग, पोल्ट्री और अन्य कृषि आधारित व्यवसायों के प्रति लोगों को जागरूक कर अधिक से अधिक लोगों को इनसे जोड़ने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय में बदलने और सहकारिता विभाग को समितियों के माध्यम से खाद का पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने को कहा।

पोषण विभाग की समीक्षा में गर्भवती महिलाओं और किशोरियों की नियमित स्वास्थ्य जांच, एनीमिया की रोकथाम और समय से टीकाकरण पर जोर दिया। जल जीवन मिशन के कार्यों में पाइपलाइन और कनेक्शन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन और डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण,

बैठक के बाद मंडलायुक्त ने निधौलीकलां के ग्राम सराव में विकास कार्यों का निरीक्षण किया। जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी की गुणवत्ता देखी और निर्धारित समय में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। अमृत सरोवर के पास पौधरोपण कर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
ग्राम पंचायत भवन में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण कर उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों को डिजिटल लाइब्रेरी से जोड़ने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने मंडलायुक्त को सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

Amit Kumar
Amit Kumar (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!