ज्ञान की नई राह पर नवसाक्षर, चोलापुर में FLNAT परीक्षा आयोजित


वाराणसी के चोलापुर में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत रविवार को चोलापुर ब्लॉक के विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रथम मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक मूल्यांकन परीक्षा (FLNAT) आयोजित की गई। परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक आयु के नवसाक्षर शिक्षार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। परीक्षा के दौरान महिला एवं पुरुष परीक्षार्थियों में साक्षर बनने को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
चोलापुर ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक परीक्षार्थियों ने अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा में प्रतिभाग किया। परीक्षा में पढ़ने, लिखने तथा बुनियादी संख्या ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। नवसाक्षर शिक्षार्थियों ने प्रश्नों को हल कर अपनी अर्जित दक्षता का प्रदर्शन किया।
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। संबंधित शिक्षक एवं कर्मचारी सुबह से ही केंद्रों पर पहुंच गए थे। परीक्षा से पूर्व केंद्रों पर प्रश्न-पुस्तिकाएं एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा दी गई थी। परीक्षा के दौरान शिक्षकों ने केंद्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी की तथा परीक्षार्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परीक्षा दिलाई।
खंड शिक्षा अधिकारी चोलापुर नागेंद्र सरोज ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा संचालन, परीक्षार्थियों की उपस्थिति और केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से ऐसे लोगों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए हैं।
उन्होंने बताया कि FLNAT परीक्षा के माध्यम से नवसाक्षर शिक्षार्थियों की पढ़ने, लिखने और संख्यात्मक दक्षता का आकलन किया जा रहा है। परीक्षा का उद्देश्य केवल मूल्यांकन करना नहीं, बल्कि शिक्षार्थियों को आगे भी सीखने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे दैनिक जीवन में पढ़ने-लिखने और संख्या ज्ञान का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें।
बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण किया गया। अधिकारियों ने केंद्रों पर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विभाग की ओर से परीक्षा को व्यवस्थित, निष्पक्ष एवं सुचारु ढंग से संपन्न कराने पर विशेष ध्यान दिया गया।
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य निरक्षर वयस्कों को मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान से दक्ष बनाना है। इसके माध्यम से उन्हें पढ़ने, लिखने और सामान्य गणना करने में सक्षम बनाने के साथ ही आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है। FLNAT परीक्षा इसी अभियान के तहत शिक्षार्थियों की सीखने की प्रगति का आकलन करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।




