Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

बरेली: पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण, ट्रेन सेट डिपो और अस्पताल में देखीं व्यवस्थाएं

बरेली सिटी-बमियाना रेलखंड की विंडो ट्रेलिंग से लेकर सीबीगंज ट्रेन सेट डिपो और इज्जतनगर अस्पताल का निरीक्षण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को 30 हजार का पुरस्कार

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने 20 सितंबर रविवार को बरेली में रेल परिचालन, ट्रेन सेट अनुरक्षण, रेलकर्मियों की सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महाप्रबंधक ने प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार के साथ बरेली सिटी-बमियाना रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलपथ, ओएचई, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, समपार और पुलों की स्थिति को परखा।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार समेत मंडल के विभिन्न शाखाधिकारी मौजूद रहे।

ट्रेन सेट डिपो में अनुरक्षण व्यवस्था की पड़ताल

निरीक्षण के अगले चरण में महाप्रबंधक सीबीगंज स्थित ट्रेन सेट डिपो पहुंचे। यहां उन्होंने इंजीनियरिंग स्किल प्लान, हैवी रिपेयर शेड और लाइट रिपेयर शेड का अवलोकन किया। इसके साथ ही स्टोर रूम, लॉकर रूम, टूल रूम, महिला कक्ष और अग्निशामक यंत्रों की व्यवस्था भी देखी।

महाप्रबंधक ने पिट लाइन पर खड़े मेमू रैक की कार्यप्रणाली और अनुरक्षण व्यवस्था को बारीकी से देखा। उन्होंने रेलकर्मियों से सीधे संवाद कर ट्रेन सेट की कार्यप्रणाली और उसके रखरखाव से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी ली। अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

महाप्रबंधक ने डिपो में रेलकर्मियों की ओर से किए जा रहे बेहतर कार्य और नवाचारों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और नवाचार का अधिक से अधिक उपयोग करते हुए अनुरक्षण कार्यों को प्रभावी बनाया जाना चाहिए, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय रेल सेवा मिल सके।

उत्कृष्ट काम पर रेलकर्मियों को 30 हजार का पुरस्कार

निरीक्षण के दौरान बेहतर कार्य करने वाले रेलकर्मियों का महाप्रबंधक ने उत्साहवर्धन किया। उत्कृष्ट कार्य के लिए संबंधित रेलकर्मियों को 30 हजार रुपये का प्रशंसा पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसके बाद महाप्रबंधक ने ट्रेन सेट डिपो परिसर में पौधारोपण किया। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत पौधारोपण कर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

रेलवे कॉलोनी में आवास और सुरक्षा व्यवस्था देखी

सीबीगंज स्थित रेलवे कॉलोनी का भी महाप्रबंधक ने निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों के लिए उपलब्ध रेलवे आवासों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवासों के बेहतर रखरखाव के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

मंडल चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा

निरीक्षण के अंतिम चरण में महाप्रबंधक मंडल रेलवे चिकित्सालय, इज्जतनगर पहुंचे। यहां उन्होंने इमरजेंसी कक्ष, सर्जिकल आईसीयू, लेबर रूम, लिनेन एवं औषधि भंडार, पुरुष एवं महिला वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, बाल एवं महिला चिकित्सा वार्ड, स्पेशल वार्ड, पंजीकरण कक्ष और ओपीडी ब्लॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने रैन बसेरे की व्यवस्थाएं भी देखीं।

महाप्रबंधक ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए रेल कर्मचारियों और उनके आश्रितों को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अस्पताल की व्यवस्थाओं और सेवाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडल के सभी प्रमुख शाखाधिकारी मौजूद रहे।

Sanjay Srivastva
Sanjay Srivastva (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!