Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

बरेली में निकली गणपति बप्पा की शोभायात्रा, गूंजे जयकारे,भक्ति रस में डूबे लोग

महाराष्ट्र के महिला बैंड ने बांधा समां, एक दर्जन झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा; जगह-जगह पुष्पवर्षा और दही-हांडी ने बढ़ाया उत्साह

उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली में नाथनगरी बरेली में 20 सितंबर रविवार को गणपति बप्पा की भव्य शोभायात्रा निकली तो शहर की सड़कों पर आस्था और उत्साह का सैलाब उमड़ पड़ा। मराठा बुलियन एसोसिएशन एवं श्री गणेश महोत्सव समिति की ओर से बाबूराम धर्मशाला, शिवाजी मार्ग पर आयोजित सार्वजनिक श्री गणेश महोत्सव का शोभायात्रा और विसर्जन के साथ समापन हुआ। 14 सितंबर से चल रहे महोत्सव के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारों के बीच उत्साह के साथ भाग लिया।

आलमगीरी गंज से संस्था अध्यक्ष अनिल पाटिल के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा में भगवान श्री गणेश की करीब एक दर्जन आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने विधिवत पूजन-अर्चन और आरती कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।

महाराष्ट्र के महिला बैंड ने बांधा समां

शोभायात्रा का सबसे खास आकर्षण महाराष्ट्र से पहली बार बरेली पहुंचे महिला बैंड की प्रस्तुति रही। बैंड की धुनों के बीच श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। महाराष्ट्र की सांस्कृतिक रंगत और बरेली की धार्मिक आस्था का ऐसा संगम नजर आया कि नाथनगरी में मुंबई जैसा माहौल बन गया।

शोभायात्रा के रास्ते में जगह-जगह मराठा व्यापारियों, स्थानीय व्यापारियों और समाजसेवियों ने पुष्पवर्षा कर झांकियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुटी रही।

गोविंदा टीमों ने बनाए पिरामिड, फोड़ी मटकी

शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर दही-हांडी और मटकी फोड़ कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। युवाओं की गोविंदा टीमों ने एक-दूसरे के कंधों पर चढ़कर पिरामिड बनाए और ऊंचाई पर बंधी मटकी फोड़कर उत्साह का प्रदर्शन किया। मटकी फूटते ही जयकारों से पूरा माहौल गूंज उठा।

शोभायात्रा मटकी चौकी तिराहा, आलमगीरगंज, शिवाजी मार्ग, कुतुबखाना, बड़ा बाजार, साहूकारा बाजार और किला बाजार होते हुए केला फाटक पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए।

रामगंगा तट पर विधि-विधान से विसर्जन

केला फाटक से गणपति प्रतिमा को रामगंगा तट ले जाया गया। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इसके साथ ही कई दिनों से चल रहे सार्वजनिक श्री गणेश महोत्सव का समापन हुआ।

शोभायात्रा में अविनाश पाटिल, सरजेराव पाटिल, मंगेश कदम, नानासाहेब गाड़े, विजय पाटिल, प्रमोद पाटिल, दशरथ घाडगे, दत्ता मराठा, पांडुरंग मराठा समेत तुषार गर्ग, भूपेश कुमार, पवन बाजपेई, उमंग शंखधार, राजेंद्र कश्यप, अमन अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, सोनू, वरुण अग्रवाल, सुशील बंसल, संजीव अग्रवाल, सुभाष गुप्ता, अरुण कुमार सिंह, आशीष पटवा, गगन मेहरोत्रा, करण शर्मा, मनोज अरोरा, मोजी और मुनीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Sanjay Srivastva
Sanjay Srivastva (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!