Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
उन्नावउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)ब्रेकिंग न्यूज़

उन्नाव:- कुत्तों के झुंड का भेड़ों पर हमला, पशुपालक बेहाल!!

उन्नाव से जिला संवाददाता अनुज तिवारी

जनपद उन्नाव अंतर्गत सफीपुर क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में शनिवार देर रात कुत्तों के झुंड ने बाड़े में घुसकर भेड़ों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में 20 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि चार भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। लगातार हो रहे हमलों से पशुपालकों में दहशत का माहौल है।मिर्जापुर निवासी दुर्गाप्रसाद ने बताया कि वह भेड़ पालन का काम करते हैं। शनिवार रात भेड़ों को चारा खिलाने के बाद वह घर चले गए थे। देर रात कुत्तों का झुंड बाड़े में घुस आया और भेड़ों को अपना निशाना बना लिया। हमले में 20 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की जानकारी होने पर पशुपालक ने एसडीएम और पशु चिकित्सालय को सूचना दी। इसके बाद पशु चिकित्सालय की टीम मौके पर पहुंची और घायल भेड़ों का उपचार किया। मृत भेड़ों की संख्या अधिक होने से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। दुर्गाप्रसाद के मुताबिक, यह पहली घटना नहीं है। करीब पांच दिन पहले मंगलवार को भी इसी बाड़े में कुत्तों के झुंड ने हमला कर 14 भेड़ों को मार डाला था। उस हमले में घायल हुई दो भेड़ों का अभी उपचार चल रहा है। लगातार दो हमलों में कुल 34 भेड़ों की मौत हो चुकी है।

पशुपालक ने बताया कि प्रत्येक भेड़ की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये थी। इस हिसाब से लगातार हुए हमलों में बड़ी आर्थिक क्षति हुई है। भेड़ों के मरने से पशुपालक परिवार की चिंता भी बढ़ गई है ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। कुत्तों के झुंड के डर से महिलाएं बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने से भी घबरा रही हैं। ग्रामीणों ने कुत्तों को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

एसडीएम फाल्गुनी सिंह ने बताया कि घटना की जांच कराकर पशुपालक को हुई क्षति का आंकलन कराया जाएगा। साथ ही कुत्तों को पकड़ने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Anuj Tiwari
Anuj Tiwari

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!