Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

गांव से शहर तक होंगे जनकल्याण और जनभागीदारी के कार्यक्रम,सीडीओ राजेंद्र प्रसाद मिश्र बनाए गए नोडल अधिकारी

एटा। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के दौरान गांव से लेकर शहर तक विभिन्न विभागों के माध्यम से जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी अरविंद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र को अभियान का नोडल अधिकारी नामित किया गया।

डीएम ने विभिन्न विभागों को उनके दायित्व निर्धारित करते हुए सभी कार्यक्रमों का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतिगत सुधारों और विकास कार्यों से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत@2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम केवल औपचारिकता बनकर न रह जाएं, बल्कि इनमें अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।
17 सितंबर को होगा दीप प्रज्ज्वलन
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस के अवसर पर शाम सात बजे दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम से होगी। प्रमुख मंदिरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारकों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में रक्तदान शिविर तथा दिव्यांगजन कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।

‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएं होंगी। कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग तथा कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण और डिबेट प्रतियोगिताएं भी होंगी।
‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और सकारात्मक बदलावों की जानकारी दी जाएगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत 25 सितंबर से सात अक्तूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय उत्सव और संवाद कार्यक्रम होंगे। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा दीदियों और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा।
‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत डिजिटल और रील अभियान के माध्यम से योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी। सात अक्तूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ कार्यक्रम होगा। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक लगातार चलेगा।
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंड स्तर पर सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर और स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, एसीएमओ डॉ. सुधीर मोहन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सभी खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।

कलेक्ट्रेट सभागार में अभियान की समीक्षा करते डीएम।

UP News Bureau

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!