बदायूं की छहों विधानसभाओं में होंगे नाट्य मंचन, मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री बनने तक की कहानी को संवाद, अभिनय और संगीत के जरिए करेंगे प्रस्तुत

बदायूं की छहों विधानसभाओं में होंगे नाट्य मंचन, मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री बनने तक की कहानी को संवाद, अभिनय और संगीत के जरिए करेंगे प्रस्तुत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा अब उनकी सेवा यात्रा को रंगमंच के जरिए गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचाने की तैयारी में है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ नाम से बदायूं की छहों विधानसभाओं में करीब 66 स्थानों पर नाट्य मंचन किए जाएंगे। इनमें प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक के सफर और इसके बाद के सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रसंगों को कलाकार मंच पर जीवंत करेंगे।
उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं में भाजपा कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगभग 11 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इन कार्यक्रमों का दायरा सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी नाट्य प्रस्तुतियां कराई जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री बनने तक का सफर मंच पर
राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों को संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभालने से लेकर वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने और उसके बाद देश की सेवा से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को नाट्य रूपांतरण के जरिए दर्शकों के सामने रखा जाएगा।
प्रस्तुति में सेवा, सुशासन, अंत्योदय, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को प्रमुखता दी जाएगी। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रसंगों के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाए गए कार्यों को भी मंचन के माध्यम से दिखाया जाएगा।
भाषण नहीं, कहानी और अभिनय के जरिए जनसंवाद
जिलाध्यक्ष ने कहा कि कार्यक्रम की खासियत यह होगी कि प्रधानमंत्री की सार्वजनिक जीवन यात्रा को केवल भाषणों के जरिए नहीं, बल्कि कहानी, संवाद, अभिनय, संगीत और रंगमंच के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके जरिए युवाओं और नई पीढ़ी को सार्वजनिक जीवन, सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ केवल नाट्य प्रस्तुति नहीं, बल्कि कला के माध्यम से जनसंवाद की पहल है। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा और जनकल्याण से जुड़े प्रसंगों को सरल और प्रभावी तरीके से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना है।
भाजपा जिलाध्यक्ष के मुताबिक बदायूं की छहों विधानसभाओं में प्रस्तावित करीब 66 कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। शहर से लेकर गांव तक होने वाले इन मंचनों के माध्यम से भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन यात्रा से जुड़े प्रसंगों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की तैयारी में है।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला उपाध्यक्ष उदयवीर दिवाकर, जिला कोषाध्यक्ष अनुभव उपाध्याय, जिला सह-कार्यालय मंत्री जितेंद्र साहू समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




