उन्नाव;- मामा पर भड़का भांजा, चापड़ से वार; तीसरी मंजिल से फेंका!!

उन्नाव से जिला संवाददाता अनुज तिवारी
जनपद उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र की डूडा कॉलोनी में दीप नारायण पांडेय की हत्या के मामले में गिरफ्तार उसके भांजे उमंग त्रिपाठी को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया। पुलिस पूछताछ में उमंग ने कथित तौर पर बताया कि वह मामा की ओर से उसकी मां सीमा के चरित्र को लेकर की जाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियों और पुराने पारिवारिक विवाद से नाराज था। सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र के अनुसार, गुरुवार रात शराब पीने के बाद दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर विवाद शुरू हुआ। पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर उमंग ने चापड़ से दीप नारायण के सिर और गले पर करीब 14 वार किए। इसके बाद गंभीर रूप से घायल मामा को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया।
पुलिस पूछताछ में उमंग ने बताया कि उसका मामा उसकी मां सीमा को कथित तौर पर परेशान करता था। इसी से परेशान होकर सीमा अपने बेटे उमंग के साथ हरिद्वार चली गई थी। उमंग के अनुसार, हरिद्वार में उसकी मां ने आत्महत्या करने की कोशिश की थी, तभी एक युवक ने उसकी मदद कर उसे सहारा दिया। उमंग के मुताबिक, दीप नारायण को जब उसकी मां की मदद करने वाले युवक के बारे में जानकारी हुई तो वह नाराज हो गया। आरोप है कि इसके बाद वह सीमा के चरित्र को लेकर कथित तौर पर गलत बातें कहने लगा। उमंग का कहना है कि इन घटनाओं के कारण उसके मन में मामा के प्रति पहले से गुस्सा था।
पुलिस के अनुसार, उमंग नशे का आदी हो गया था और इसी वजह से हरिद्वार से वापस उन्नाव आ गया था। इसके बाद वह डूडा कॉलोनी में अपने मामा के सामने वाले मकान में रहने लगा। दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता था और शराब पीने के बाद कई बार गाली-गलौज भी होती थी। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात करीब दो बजे दोनों ने शराब पी थी। इसके बाद पुरानी बातों को लेकर फिर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इसी दौरान दीप नारायण ने उमंग की मां के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे उमंग गुस्से में आ गया। पुलिस का दावा है कि इसके बाद उसने चापड़ से मामा के सिर और गले पर करीब 14 वार किए और गंभीर रूप से घायल दीप नारायण को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी उमंग त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया था। रविवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच के साथ हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों और घटनाक्रम की भी पड़ताल कर रही है।



