Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा बरेली, भक्ति और संस्कृति से सजा महोत्सव का रंगमंच

बाबूराम धर्मशाला में कृष्ण-सुदामा आर्ट ग्रुप ने पेश कीं भव्य झांकियां, 20 सितंबर को शोभायात्रा के साथ होगा गणेश महोत्सव का समापन

उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली में श्री गणेश महोत्सव के तहत बाबूराम धर्मशाला में शुक्रवार की शाम भक्ति, संस्कृति और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। कृष्ण-सुदामा आर्ट ग्रुप की ओर से रात नौ बजे विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम और भव्य झांकियां प्रस्तुत की गईं। भगवान श्री गणेश की भक्ति और भारतीय संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा धर्मशाला परिसर गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

महोत्सव के दौरान धर्मशाला परिसर में भंडारे का भी आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

महाराष्ट्र की परंपरा को बरेली में मिली नई पहचान

कमेटी के सदस्य गगन मेहरोत्रा और पवन बाजपेई ने कहा कि बरेली में श्री गणेश महोत्सव इस बार भी धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर में जगह-जगह गणेश उत्सव के लिए पंडाल सजाए गए हैं। घर-घर गणपति बप्पा की आराधना और जयकारों से वातावरण गणेशमय नजर आ रहा है।

उन्होंने कहा कि महोत्सव के संस्थापक अध्यक्ष अनिल पाटील की पहल और समर्पण ने आयोजन को विशेष पहचान दी है। महाराष्ट्र से आकर उन्होंने गणेश महोत्सव की परंपरा और भक्ति-संस्कृति को बरेली की धरती पर जीवंत करने का प्रयास किया है। उनके प्रयासों से यह आयोजन धार्मिक कार्यक्रम के साथ आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का अवसर भी बनता जा रहा है।

कमेटी सदस्यों के मुताबिक गणेश महोत्सव में युवा वर्ग भी उत्साह के साथ भाग ले रहा है। सप्ताहभर चलने वाले आयोजन में युवा पूजा-पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि इससे नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिल रहा है।

‘मैं गणपति बप्पा का सेवक हूं’

महोत्सव के संस्थापक अध्यक्ष अनिल पाटील ने कहा कि वह स्वयं को भगवान गणेश का सेवक मानते हैं। उन्होंने कहा कि गणपति बप्पा की कृपा से उन्हें धार्मिक परंपराओं और संस्कृति को घर-घर तक पहुंचाने की सेवा का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश के आशीर्वाद से वह इस आयोजन को आगे भी व्यापक रूप देने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।

संस्था के महामंत्री अविनाश पाटील ने बताया कि शुक्रवार शाम कृष्ण-सुदामा आर्ट ग्रुप की ओर से विशेष झांकियों का आयोजन किया गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन के महानगर अध्यक्ष संजीव अग्रवाल, जिला अध्यक्ष सुशील बंसल समेत अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने भगवान श्री गणेश का पूजन किया। सभी ने विघ्नहर्ता गणपति बप्पा से व्यापारियों और समाज के लिए मंगलकामना की।

19 सितंबर को बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

संस्था के सदस्य मंगेश कदम ने बताया कि 19 सितंबर को शाम सात बजे से बाबूराम धर्मशाला स्थित श्री गणेश पंडाल में इंडियन डांस एकेडमी के छोटे बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस दौरान सामाजिक और व्यापारिक क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

सारजेराव पाटील ने बताया कि 20 सितंबर को श्री सिद्धिविनायक गणपति बप्पा की विशाल प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा और सप्ताहभर से चल रहे गणेश महोत्सव का समापन होगा। शोभायात्रा में दहीहंडी उत्सव विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

सर्राफा व्यापारियों ने किया गणपति पूजन

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुशील बंसल, महानगर अध्यक्ष संजीव अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष सुदेश अग्रवाल, महामंत्री राहुल रस्तोगी, उपाध्यक्ष राजेश रस्तोगी, बबलू पटवा, राजीव अग्रवाल, भूपेश अग्रवाल, सौरव अग्रवाल, अमित रस्तोगी, विनोद रस्तोगी, संजय रस्तोगी, दयाशंकर वर्मा, विनोद वर्मा, बालाजी ज्वेलर्स के स्वामी उमेश वर्मा, मनीष अग्रवाल, प्रमोद मराठा, दशरथ मराठा, विजय मराठा, सौरभ मराठा, संजय मराठा, दत्ता मराठा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने और भगवान श्री गणेश के दर्शन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने की अपील की है।

Sanjay Srivastva
Sanjay Srivastva (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!