मां-बेटी की हथौड़े से पीटकर हत्या, पति और ससुर पर आरोप,

घरेलू विवाद के बीच रात में हुई वारदात, बच्चों के सामने मां और नानी पर हमला; डबल मर्डर से मचा हड़कंप।
एटा/अवागढ़। अवागढ़ के यादव नगर में सोमवार रात मां-बेटी की हथौड़े से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई। दोनों के शव घर में पड़े मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय कमला देवी पत्नी स्वर्गीय राम खिलाड़ी और उनकी बेटी प्रियंका पत्नी ओमपाल के रूप में हुई है।
परिजनों ने प्रियंका के पति ओमपाल और उसके पिता सियाराम पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपों की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बताया गया है कि वारदात रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हुई। आरोप है कि मां-बेटी के सिर पर हथौड़े से कई वार किए गए। घटना के समय घर में बच्चे भी मौजूद बताए गए हैं।
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मृतका कमला देवी के पति राम खिलाड़ी का पूर्व में निधन हो चुका था। वह सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त थे। कमला देवी पेंशन के सहारे अपना जीवन यापन कर रही थीं। बताया गया है कि उनकी एक ही बेटी प्रियंका थी। वह मूल रूप से छछैना गांव की रहने वाली थीं।
प्रियंका की शादी ओमपाल से हुई थी। ओमपाल मूल रूप से थाना एका, फिरोजाबाद क्षेत्र के ग्राम गदनपुर का निवासी बताया गया है।
करीब पांच वर्ष पहले उसने अवागढ़ के यादव नगर में मकान बनाकर रहना शुरू किया था। ओमपाल बनारस में एक कैंटीन में खाना बनाने का काम करता है।
परिजनों के अनुसार, ओमपाल द्वारा घर के खर्च के लिए पर्याप्त पैसे नहीं दिए जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। प्रियंका की बेटियां कल्पना और सपना तथा पुत्र राहुल बताए गए हैं। परिजनों ने घरेलू विवाद के साथ अवैध संबंधों को लेकर भी विवाद होने और इसी से परेशान होकर हत्या का फैसला लेने का आरोप लगाया है। पुलिस इन सभी आरोपों और हत्या के वास्तविक कारण की जांच कर रही है।

घटना की सूचना पर एसएसपी डॉ. इलामारन, एएसपी, सीओ समेत सर्किल पुलिस और कोतवाली देहात का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम और स्वाट टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वारदात से जुड़े साक्ष्यों को संकलित किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।





