जयकारों से गूंज उठा भोलेश्वर धाम, 151 महिलाओं ने निकाली मंगल कलश शोभायात्रा

राणी सती दादी जी के 23वें भादव मावस उत्सव का शुभारंभ, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
कानपुर। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ममतामयी मां श्री झुंझुनू वाली श्री राणी सती दादी जी का 23वां भादव मावस उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में श्री भोलेश्वर श्याम मंदिर, एच-2 ब्लॉक, किदवई नगर, कानपुर से मंगल कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र दादी जी के जयकारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा में श्री राणी सती दादी जी का भव्य रथ आकर्षण का केंद्र रहा। इसके साथ ही 151 महिलाएं मंगल कलश लेकर यात्रा में शामिल हुईं। भजन गायक कुलदीप दीक्षित ने दादी जी के भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ‘आज खुला है भाग्य तेरा’, ‘मोटी सेठानी मारो बेड़ो पार लगा दीज्यो’ सहित कई भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
आयोजक काशीनाथ तुलस्यान ने बताया कि चौदस के अवसर पर दादी जी की मंगल कलश यात्रा का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि अगले दिन भादव मावस उत्सव मनाया जाएगा। प्रातः 7 बजे से जात पूजा होगी। इसके बाद सायंकाल श्रीमती शिल्पी (कोलकाता) द्वारा मंगल पाठ, भजन संध्या एवं चुनरी उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से रोहित तुलस्यान, सुधीर तुलस्यान, प्रदीप केडिया, अनिल अग्रवाल, बालकृष्ण देवड़ा, मोनिका तुलस्यान, भावना तुलस्यान, संगीता अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, ज्ञानेन्द्र विश्नोई, वीरेन्द्र अग्रवाल, अविनाश खेमका, अतुल अग्रवाल और आनन्द तुलस्यान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Special correspondent Kanpur — अमित मिश्रा















