स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में लखनऊ के प्रथम स्थान पर मुख्यमंत्री से मिलीं महापौर

लखनऊ के साथ वार्ड संख्या-70 को भी देश में प्रथम स्थान मिलने पर मुख्यमंत्री ने दी बधाई
लखनऊ। मुख्यमंत्री आवास पर गुरुवार शाम लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, महापौर प्रतिनिधि श्रीप्रकाश उपाध्याय भी उपस्थित रहे।
भेंट के दौरान महापौर ने मुख्यमंत्री जी को लखनऊ की स्वच्छ वायु के क्षेत्र में मिली बड़ी उपलब्धि की जानकारी दी। सिटी लेवल स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 के तहत लखनऊ ने राष्ट्रीय स्तर पर बेस्ट परफॉर्मिंग सिटी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही नगर निगम के वार्ड संख्या-70 को भी राष्ट्रीय स्तर पर बेस्ट परफॉर्मिंग वार्ड में प्रथम स्थान मिला है।

महापौर ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और प्रदेश सरकार के सहयोग के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि लखनऊ को देश में पहला स्थान दिलाने में नगर निगम के साथ जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन, वन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एलडीए, पीडब्ल्यूडी, सिटी ट्रांसपोर्ट सहित विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ की इस उपलब्धि पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त, नगर निगम के अधिकारियों और सभी संबंधित विभागों को बधाई दी। उन्होंने स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को आगे भी जारी रखने पर जोर दिया।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि लखनऊ को देश में प्रथम स्थान मिलना पूरे शहर के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि लखनऊवासियों, जनप्रतिनिधियों, मा० पार्षदगण और विभिन्न विभागों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के बाद लखनऊ को स्वच्छ वायु के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनाए रखने की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। इसके लिए यातायात व्यवस्था को बेहतर करने, निर्माण कार्यों से निकलने वाली धूल पर नियंत्रण, खुले में कूड़ा जलाने पर रोक, सड़कों की नियमित सफाई, हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने जैसे प्रयासों को और मजबूत किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का प्रयास रहेगा कि लखनऊ की हवा को और बेहतर बनाया जाए और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने की दिशा में लगातार काम जारी रहे।


