Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

ईवीएम की जांच में लापरवाही नहीं चलेगी: डीएम, तय समय में पूरा करें एफएलसी

ईवीएम वेयरहाउस पहुंचे जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, एफएलसी की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था परखी; अधिकृत लोगों को ही हॉल में प्रवेश के निर्देश

विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत ईवीएम और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का काम तेजी से चल रहा है। सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने डीएम कंपाउंड स्थित ईवीएम वेयरहाउस पहुंचकर एफएलसी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने जांच की गुणवत्ता, निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुपालन और वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार जिले में ईवीएम और वीवीपैट की एफएलसी का कार्य दो सितंबर 2026 से कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एफएलसी का पूरा काम आयोग की गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित समय सीमा में हर हाल में पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

एफएलसी हॉल में सिर्फ अधिकृत लोगों को मिले प्रवेश

जिलाधिकारी ने एफएलसी हॉल में प्रवेश व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हॉल में केवल अधिकृत प्रतिनिधियों, संबंधित अधिकारियों और नामित कर्मचारियों को ही प्रवेश दिया जाए। एफएलसी से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ करें।

उन्होंने कहा कि ईवीएम-वीवीपैट की जांच से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का निर्धारित नियमों के अनुसार पालन किया जाए और भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था भी परखी

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के संचालन और निगरानी व्यवस्था को देखा। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और किसी भी संभावित कमी को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।

ईसीआईएल इंजीनियर को गुणवत्ता के निर्देश

जिलाधिकारी ने ईसीआईएल के इंजीनियर से एफएलसी कार्य की प्रगति और प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि ईवीएम और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराई जाए।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए एफएलसी कार्य बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए जांच के दौरान निर्धारित मानकों और तकनीकी प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया जाए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Sanjay Srivastva (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!