गंगपुर और इसौली में बनेगी पुलिस चौकी, भूमि अधिग्रहण का आदेश

अलीगंज और जलेसर तहसील में पुलिस की बढ़ेगी मौजूदगी, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगा बल
एटा। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने अलीगंज तहसील के गंगपुर और जलेसर तहसील के इसौली गांव में पुलिस चौकी की स्थापना के लिए भूमि पुलिस विभाग के पक्ष में लिए जाने के आदेश पारित किए हैं।
आदेश के अनुसार तहसील अलीगंज के परगना वरना स्थित ग्राम गंगपुर में गाटा संख्या 156 की 0.098 हेक्टेयर भूमि पुलिस चौकी निर्माण के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं तहसील जलेसर के परगना जलेसर स्थित ग्राम इसौली में गाटा संख्या 324 की कुल 0.757 हेक्टेयर भूमि में से 0.243 हेक्टेयर पुलिस चौकी के निर्माण के लिए पुलिस विभाग के पक्ष में लिए जाने के आदेश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शासनादेश और निर्धारित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए हैं। दोनों स्थानों पर पुलिस चौकियां स्थापित होने से क्षेत्र में पुलिस की त्वरित पहुंच, गश्त और अपराध नियंत्रण व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जाएंगे।




