Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
BangladeshBreaking News

जनगणना-2027: दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण,

भारत सरकार की गाइडलाइंस का अक्षरश: पालन करने के निर्देश।

एटा। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चार्ज अधिकारियों और तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण एवं समीक्षा कार्यक्रम शुरू हुआ। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में ऑनलाइन गणना प्रक्रिया, कार्मिकों की नियुक्ति, डाटा फीडिंग और निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन की जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण और व्यापक प्रक्रिया है। इसमें प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को पूरी गंभीरता, सावधानी और जिम्मेदारी से कार्य करना होगा। ऑनलाइन गणना के दौरान भारत सरकार की गाइडलाइंस का अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जाए।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और तकनीकी सहायकों की सभी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान कर प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाए, ताकि गणना कार्य में त्रुटि की कोई संभावना न रहे।
उन्होंने निर्देश दिए कि द्वितीय चरण से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएं। कार्मिकों की नियुक्ति और आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के साथ ही सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए। जनगणना के आंकड़ों की गुणवत्ता और शुद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण में एडीएम वित्त एवं राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी चंद्र प्रकाश पाठक, एसडीएम जलेसर पीयूष रावत, एसडीएम अलीगंज शशिशेखर, एसडीएम एटा श्वेता सिंह, तहसीलदार सदर नीरज वार्ष्णेय, तहसीलदार अलीगंज संजय कुमार, तहसीलदार जलेसर हर्नेस कर्दम, बीएसए अनुपम अवस्थी, खंड शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार, अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अवधेश सिंह, ओम कुमार वर्मा सहित संबंधित अधिकारी व तकनीकी सहायक मौजूद रहे। जनगणना कार्य निदेशालय, लखनऊ के एसएन यादव और आदेश मौर्य ने प्रशिक्षण दिया।

Amit Kumar (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!