ट्रेड शो में छाए एटा के उत्पाद,

पहले दिन हुई 31 हजार की बिक्री।
एटा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित उप्र इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में एटा के उत्पाद देश-विदेश के खरीदारों के आकर्षण का केंद्र बने हैं। 25 से 29 सितंबर तक चल रहे ट्रेड शो में जलेसर के जीआई टैग प्राप्त पीतल के घुंघरू, घंटा और घंटियां विशेष आकर्षण बनी हुई हैं।
पहले दिन एटा के उद्यमियों के उत्पादों की करीब 31 हजार रुपये की बिक्री हुई। आर्ट मेटल वेयर के मोहम्मद नईम अंसारी के स्टाल पर करीब 8,500 रुपये और श्री बालाजी ट्रेडिंग कंपनी के बाल गोविंद बंसल के स्टाल पर करीब 22,500 रुपये के उत्पाद बिके।
एटा की ओडीओपी चिकोरी में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों ने रुचि दिखाई। अलीगंज की महिला उद्यमी संगीता मौर्य ने भी ट्रेड शो को उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बताया। अधिकारियों के अनुसार आयोजन से एटा के स्थानीय उत्पादों को नए बाजार और खरीदार मिलने की संभावनाएं बढ़ी हैं।




