बरेली: रंगमंच पर दिखेगी मोदी की 25 साल की सेवा यात्रा, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियों’का होगा मंचन

संवाद-अभिनय और संगीत के जरिए गुजरात के मुख्यमंत्री पद से लेकर प्रधानमंत्री तक के सफर को मंच पर उतारा जाएगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’के तहत उनकी सेवा यात्रा रंगमंच पर दिखाई जाएगी। उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा नेताओं ने ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। पार्टी नेताओं के मुताबिक नाटक के जरिए प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के विभिन्न पड़ावों को संवाद, अभिनय, संगीत और मंचन के माध्यम से दर्शकों के सामने रखा जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान बरेली जनपद की नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. एमपी आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’के तहत विशेष और भव्य नाट्य प्रस्तुति की जाएगी।
मंच पर दिखेगा गुजरात के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक का सफर
नाट्य प्रस्तुति में नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक की यात्रा को नाटकीय रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें उनके सार्वजनिक जीवन, राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण, जनकल्याण से जुड़े प्रयासों और सुशासन से जुड़े पार्टी के दावों को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार प्रस्तुति को सरल, संवेदनशील और संगीतमय रखा गया है। कलाकार संवाद और अभिनय के जरिए सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को मंच पर साकार करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य कला के माध्यम से प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा और जनकल्याण के संदेश को लोगों तक पहुंचाना बताया गया है।
स्कूल-कॉलेज से पंचायतों तक पहुंचाने की तैयारी
भाजपा नेताओं ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले में नाट्य मंचनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन प्रस्तुतियों को स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों तक ले जाने की योजना है। पार्टी का कहना है कि नाट्य मंचन के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा और सेवा, सुशासन, अंत्योदय तथा राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा और सुशासन के संकल्प को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कला और नाट्य के माध्यम से 25 वर्षों की सेवा यात्रा को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रेसवार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा जिला मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी, महानगर मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर, अंकित शुक्ला, प्रभु दयाल लोधी, संजय चौहान, विष्णु शर्मा, राहुल साहू, डॉ. निर्भय गुर्जर समेत भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




