व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से मिले एएसपी, समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश।

एटा। अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और सुझावों को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा। एएसपी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में क्षेत्राधिकारी यातायात अरुण कुमार सिंह भी मौजूद रहे। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने व्यापारिक गतिविधियों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की और पुलिस से सहयोग एवं बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की अपेक्षा जताई।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ व्यापारियों की सुरक्षा और व्यापारिक गतिविधियों का सुचारु संचालन पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का नियमानुसार समयबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा।
बैठक में पुलिस और व्यापार मंडल के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने व्यापारियों से किसी भी समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक करते एएसपी श्वेताभ पाण्डेय।




