राजमार्ग प्रबंधन में डिजिटल तकनीक के प्रभावी क्रियान्वयन पर एनएचएआई का सेमिनार


वाराणसी, में राष्ट्रीय राजमार्गों के बेहतर प्रबंधन, निगरानी एवं सड़क उपयोगकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से क्षेत्रीय कार्यालय, पूर्वी उत्तर प्रदेश, वाराणसी में तकनीक आधारित पहलों को लेकर समीक्षा एवं जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार में राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव और निगरानी व्यवस्था को तकनीक के माध्यम से और प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।
सेमिनार में NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी वाराणसी पंकज मौर्या सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान NSV, DAMS, Dashcam, FWD एवं DHMS जैसी तकनीकी पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन, उपयोगिता और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तकनीकी पहलों के क्रियान्वयन को लेकर अपने सुझाव, अनुभव और फीडबैक भी साझा किए।
बैठक में डिजिटल तकनीक के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्गों की निगरानी, सड़क एवं पेवमेंट की स्थिति का वैज्ञानिक आकलन, डेटा आधारित निर्णय लेने, परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन तथा सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और सेवा गुणवत्ता में सुधार पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि तकनीकी पहलों के प्रभावी इस्तेमाल से राजमार्ग प्रबंधन को अधिक पारदर्शी, डेटा आधारित और प्रभावी बनाया जा सकता है। NHAI द्वारा आधुनिक डिजिटल समाधानों के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता, रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


