Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने दाऊदनगर, फैजुल्लागंज में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण

जल निकासी, प्रकाश, नाव, फॉगिंग एवं प्रभावित परिवारों के लिए की गई व्यवस्थाओं का लिया जायजा

लखनऊ। जोन-3 के फैजुल्लागंज क्षेत्र में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से उत्पन्न जलभराव की स्थिति को देखते हुए नगर निगम द्वारा लगातार राहत एवं बचाव कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने दाऊदनगर, फैजुल्लागंज स्थित बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और मौके पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, नाव की उपलब्धता, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव तथा प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

🔴 पंपसेट से लगातार की जा रही जल निकासी
अभियंत्रण विभाग द्वारा जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर पंपसेट लगाकर पानी की निकासी की जा रही है। ओवरब्रिज के निकट भी पंप लगाकर जलभराव के पानी की निकासी कराई जा रही है, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर को कम किया जा सके।

🔴 ड्रोन से एंटी लार्वा का छिड़काव, फॉगिंग भी जारी
जलभराव के कारण मच्छरजनित रोगों की आशंका को देखते हुए नगर निगम द्वारा ड्रोन के माध्यम से एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में लगातार फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी कराया जा रहा है, ताकि मच्छरों के प्रकोप को नियंत्रित किया जा सके और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाया जा सके।

🔴 प्रकाश एवं नाव की व्यवस्था

जलभराव प्रभावित क्षेत्र में नगर निगम द्वारा प्रकाश की व्यवस्था की गई है। स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। वहीं, प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही के लिए नाव की व्यवस्था भी की गई है, ताकि जलभराव के बीच नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।

🔴 प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान की व्यवस्था

जलभराव से प्रभावित लोगों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा, पलटन छावनी तथा उमराव हाता एवं दाऊदनगर स्थित ट्रांजिट हॉस्टल में रैन बसेरों की व्यवस्था की जा रही है। इसके अतिरिक्त हाल ही में बनाए गए पक्के नाले के निकट भी अस्थायी रैन बसेरा बनाए जाने की कवायद की जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर ठहराया जा सके।

🔴 प्रभावित नागरिकों के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था
जलभराव से प्रभावित लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा भोजन एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। प्रभावित परिवारों को आवश्यकता के अनुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी की गई है, ताकि जलभराव की स्थिति में नागरिकों को दैनिक आवश्यकताओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा जल निकासी, साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, प्रकाश व्यवस्था और नागरिकों की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं लगातार प्रभावी रूप से संचालित की जाएं। उन्होंने क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

मनीष मिश्रा

राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!