Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

सेवा संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान को लेकर महापौर की अध्यक्षता में बैठक

प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना के दिशानिर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, वार्ड से लेकर जोन स्तर तक होंगी व्यापक गतिविधियां

नालियों-सीवर-पानी की टंकियों की सफाई से लेकर प्लास्टिक हटाने और पौधारोपण तक पर जोर

लखनऊ। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना जी के दिशानिर्देश पर नगर निगम लखनऊ में ‘स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान-2026’ को लेकर बुधवार को महानगर कल्याण मंडप में बैठक हुई। महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यकारिणी उपाध्यक्ष सुशील तिवारी ‘पम्मी’, समस्त पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त एवं उप नगर आयुक्त रश्मि भारती सहित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में तय किया गया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे शहर में स्वच्छता से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रम चलाए जाएंगे। अभियान में केवल सफाई ही नहीं, बल्कि सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, नालियों और सीवर की सफाई, प्लास्टिक पर रोक, पौधारोपण, जल स्रोतों की सफाई और लोगों की भागीदारी पर भी जोर रहेगा।

🔴 हर वार्ड में होगा एक नोडल अधिकारी
अभियान की निगरानी के लिए नगर निगम के हर वार्ड में एक नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा। यह अधिकारी अपने वार्ड में होने वाले सभी कार्यक्रमों का समन्वय करेगा और उनकी व्यवस्था देखेगा।

🔴 17 सितंबर को नालियों की सफाई, 18 को सीवर की सफाई
अभियान की शुरुआत बड़े सफाई अभियान से होगी। 17 सितंबर को पूरे नगर निगम क्षेत्र की नालियों की सफाई कराई जाएगी। इसके अगले दिन 18 सितंबर को सभी सीवर लाइनों की सफाई का अभियान चलेगा।

🔴 आठों जोनों में श्रमदान के साथ स्वच्छ स्थलों पर होगा दीप प्रज्ज्वलन
17 सितंबर को ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के शुभारंभ के अवसर पर नगर निगम के सभी आठों जोनों में विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर निगम के सभी आठ जोनों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूर्व में चिन्हित सीटीयू स्थलों की साफ-सफाई के साथ प्रत्येक वार्ड में स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति के सहयोग से श्रमदान कराया जाएगा।

इसके पश्चात स्वच्छ किए गए स्थलों पर ‘संकल्प फॉर वे ऑफ लाइफ’ के तहत आरडब्ल्यूए, एनजीओ, सीएसओ एवं एसवीपीएस के सदस्यों द्वारा दीपक जलाए जाएंगे। दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा। इसके लिए जोन-1 में लक्ष्मण मेला घाट, जोन-2 में लाल बहादुर शास्त्री प्रतिमा स्थल, जोन-3 में झूलेलाल वाटिका, जोन-4 में मनोज पाण्डेय चौराहा, जोन-5 में सेंट्रल पार्क, जोन-6 में कुड़िया घाट, जोन-7 में कुकरैल घाट और जोन-8 में हिन्दनगर शहीदों के प्रतिमा स्थल को चुना गया है।

🔴 सफाई मित्रों के लिए लगेंगे स्वास्थ्य शिविर
17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच हर जोन में दो-दो दिन सफाई मित्र सुरक्षा शिविर लगाए जाएंगे। इनमें सफाई मित्रों के साथ जलकल और अन्य कार्यदायी संस्थाओं के कर्मचारियों तथा उनके परिवारों के स्वास्थ्य की जांच और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्था की जाएगी।

🔴 नागरिक भी बनेंगे अभियान का हिस्सा
23 और 24 सितंबर को शहर के लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे। नगर निगम की कोशिश होगी कि ज्यादा से ज्यादा लोग अपने आसपास की सफाई में भाग लें और शहर को साफ रखने में अपनी भूमिका निभाएं।

🔴 157 घंटे का मेगा सफाई अभियान अब 200 घंटे का होगा
अभियान के दौरान 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले 157 घंटे के मेगा सफाई अभियान को बढ़ाकर 200 घंटे किया जाएगा। यानी पहले से 43 घंटे ज्यादा मेगा सफाई अभियान चलेगा। इसके साथ ही जलकल विभाग द्वारा जोनवार कार्यदायी संस्था स्वेज इंडिया की टीम और अपनी मैनपावर के माध्यम से पानी की टंकियों की पूरी सफाई कराई जाएगी। अभियान के दौरान पानी की टंकियों की सफाई का काम भी प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा।

🔴 प्लास्टिक के खिलाफ अभियान
27 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्लास्टिक हटाने और लोगों को जागरूक करने का अभियान चलेगा।

🔴 पर्यटन स्थलों और जल स्रोतों की भी होगी सफाई
27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर नगर निगम के सभी पर्यटन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। वहीं 3 से 5 अक्टूबर तक जलकल की ओर से सभी वाटर बॉडीज की सफाई कराई जाएगी।

🔴 ‘स्वच्छता से समृद्धि’ और ‘स्वच्छ भारत दिवस’ भी मनाया जाएगा
28 सितंबर को ‘स्वच्छता से समृद्धि’ कार्यक्रम और 1 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान लोगों को सफाई को रोजमर्रा की आदत बनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।

🔴 स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं
अभियान के दौरान स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। बच्चों और युवाओं को भी स्वच्छता और पर्यावरण से जुड़े अभियान में जोड़ा जाएगा।

सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों आदि के बारे में 1-2 मिनट की रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर प्रचार किया जाएगा।

🔴 साफ जगहों का होगा कायाकल्प
सफाई के बाद चिन्हित स्थानों को केवल साफ छोड़ने के बजाय उनका Visible Facelifting/Safe Staging कराया जाएगा, ताकि इन जगहों का रूप भी बेहतर हो। प्रमुख स्थानों पर साफ-सफाई के साथ सजावट, रंगोली और अन्य गतिविधियां भी कराई जाएंगी।

🔴 महिलाओं को कचरा अलग करने और घर पर खाद बनाने की जानकारी
9 और 10 अक्टूबर को महिलाओं को घर से ही गीला और सूखा कचरा अलग करने यानी सोर्स सेग्रीगेशन और घर के गीले कचरे से खाद बनाने यानी होम कम्पोस्टिंग के बारे में जागरूक किया जाएगा।

🔴 कार्यालयों में भी चलेगा सफाई अभियान
6 अक्टूबर को ‘स्वच्छ कार्यालय’ कार्यक्रम के तहत नगर निगम के सभी कार्यालयों में विशेष सफाई कराई जाएगी। अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल किया जाएगा।

🔴 पौधारोपण और ‘हरित पर्व’ पर रहेगा जोर
11 से 17 अक्टूबर तक ‘स्वच्छ पर्व एवं हरित पर्व’ के तहत पौधारोपण और पर्यावरण से जुड़े कार्यक्रम होंगे। नवरात्रि के दौरान प्रत्येक मंगलवार को भी पौधारोपण कराया जाएगा।

🔴 महापुरुषों की जयंती पर होंगे विशेष कार्यक्रम
25 सितंबर को पं. दीन दयाल उपाध्याय की जयंती और 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में सफाई, श्रमदान और पौधारोपण जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।

🔴 स्वास्थ्य और जनकल्याण योजनाओं के लिए लगेंगे कैंप
अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर स्वास्थ्य जांच के कैंप भी लगाए जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों और अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

🔴 वृद्धाश्रम और अनाथालयों का भी होगा निरीक्षण
अभियान अवधि में अधिकारी वृद्धाश्रम, अनाथालय और सीनियर केयर सेंटर जाकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। बेसहारा लोगों और सीनियर केयर सेंटर से जुड़े जागरूकता संदेशों के लिए डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

🔴 त्योहारों से पहले सड़कें होंगी गड्ढामुक्त
आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने पर भी जोर दिया गया। प्रमुख सड़कों, बाजारों, स्कूल-कॉलेज, अस्पतालों और घाटों पर सफाई के साथ सजावट और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। व्यापार मंडलों के साथ मिलकर दीपक, झालर और लाइटिंग लगाने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूहों, सीएसओ, व्यापार मंडलों, मोहल्ला समितियों और आम नागरिकों को साथ लेकर अभियान चलाया जाए। सभी कार्यक्रमों की नियमित निगरानी के लिए मॉनिटरिंग कमेटी बनाई जाएगी और वार्ड स्तर पर नोडल अधिकारी भी नामित किया जाएगा।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि ‘सेवा संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान’ के दौरान पूरे शहर में सफाई को लेकर लगातार काम हो और लोग भी इसमें अपनी भागीदारी निभाएं।

मनीष मिश्रा

राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!