स्वच्छता अभियान में यूपी का दावा—1.24 लाख कचरा स्थलों में 1.18 लाख साफ, 47 लाख लोगों की भागीदारी

12 लाख लोगों ने किया श्रमदान; 1.01 लाख सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण, 70 हजार से अधिक को PPE किट
लखनऊ। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान में उत्तर प्रदेश ने बड़े स्तर पर जनभागीदारी के साथ स्वच्छता अभियान चलाया। राज्य सरकार के मुताबिक प्रदेश में चिह्नित 1.24 लाख कचरा संवेदनशील स्थलों (CTU) में से 1.18 लाख स्थलों को साफ कर उनका कायाकल्प किया गया। पूरे अभियान में करीब 47 लाख नागरिकों की भागीदारी रही। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की और नगरीय निकायों को जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।
अभियान की शुरुआत में ही महापौर, पार्षद, जनप्रतिनिधियों सहित करीब 12 लाख लोगों ने श्रमदान किया। सरकार के अनुसार 1.18 लाख कचरा संवेदनशील स्थलों को साफ करने में करीब 17.48 लाख नागरिकों की प्रत्यक्ष भागीदारी रही।

🔴 बाजार से मोहल्लों तक चला सफाई अभियान
प्रदेश में 25 हजार सार्वजनिक स्थलों, 6,788 बाजारों, 19,741 मोहल्लों, 9,440 सार्वजनिक शौचालयों और 6,769 कार्यालय परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। घर-घर स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के लिए 45 लाख से अधिक परिवारों को अभियान से जोड़ा गया और गीले-सूखे कचरे को अलग करने के लिए जागरूक किया गया।

🔴 2.51 लाख बच्चे भी अभियान से जुड़े
‘स्वच्छ पाठशाला’ के तहत करीब 28 हजार कार्यक्रम हुए। 4,112 स्वच्छ सारथी क्लबों से जुड़े 2.51 लाख बच्चों ने स्वच्छता गतिविधियों में हिस्सा लिया। इसके साथ ही 8,358 जागरूकता और प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं।

🔴 1.01 लाख सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण
सफाई मित्रों के लिए प्रदेशभर में 4,274 सुरक्षा एवं कल्याण शिविर लगाए गए। इनमें 1.10 लाख सफाई मित्र शामिल हुए। सरकार के मुताबिक 1.01 लाख का स्वास्थ्य परीक्षण, 70 हजार से अधिक को PPE किट और 40 हजार सफाई मित्रों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। 2.39 लाख सफाई मित्रों और उनके परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का भी दावा किया गया है।

🔴 ए.के. शर्मा बोले—स्वच्छता को जनआंदोलन बनाए रखेंगे
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अभियान की सफलता पर नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, निकाय अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश स्वच्छता के संकल्प को आगे बढ़ा रहा है।
शर्मा ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि नागरिकों के सहयोग से लगातार चलने वाला जनआंदोलन है। नगरीय निकायों में स्वच्छता, जनभागीदारी और नागरिक सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।



