फैजुल्लागंज में बढ़ा गोमती का पानी, राजनाथ की चिंता के बाद मैदान में उतरे नीरज सिंह

दिल्ली से हालात पर नजर रख रहे लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह; प्रशासन और संगठन को राहत कार्य तेज करने के निर्देश, फैजुल्लागंज-दाऊदनगर पहुंची भाजपा की टीम

लखनऊ। गोमती का बढ़ता जलस्तर फैजुल्लागंज और दाऊदनगर के परिवारों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह लगातार मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के संपर्क में हैं। प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और प्रशासनिक इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश के बीच मंगलवार को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह भी फैजुल्लागंज-दाऊदनगर पहुंचे और बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच जाकर स्थिति का जायजा लिया।


राजनाथ सिंह ने जिला प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और जरूरतमंद परिवारों तक भोजन सहित आवश्यक सामग्री तथा अन्य सहायता पहुंचाने को कहा है। साथ ही भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी को संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को राहत कार्य में सक्रिय करने के निर्देश दिए गए।
🔴राजनाथ के निर्देश, नीरज पहुंचे प्रभावित परिवारों के बीच
इसके बाद भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा और विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा समेत पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रभावित इलाकों में पहुंचे। टीम ने जलभराव वाले क्षेत्रों का जायजा लिया और लोगों से उनकी जरूरतों एवं परेशानियों की जानकारी ली।


डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि प्रभावित परिवारों तक खाद्य सामग्री और दूसरी जरूरी सहायता पहुंचाई जा रही है। जिन स्थानों पर आवश्यकता है, वहां लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ भाजपा कार्यकर्ता भी राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं और जरूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

🔴संगठन को भी मैदान में रहने के निर्देश
महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के मुताबिक राजनाथ सिंह के दिशा-निर्देश के बाद संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित परिवारों की मदद करने के लिए कहा गया है। जलस्तर और प्रभावित इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम के माध्यम से भी सूचनाएं ली जा रही हैं, ताकि आवश्यकता की जानकारी मिलते ही संबंधित टीम को मौके पर भेजा जा सके।
फैजुल्लागंज और दाऊदनगर में फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती बढ़ते जलस्तर के बीच प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने और उन्हें सुरक्षित रखने की है। एक ओर लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह हालात की जानकारी लेते हुए प्रशासन और संगठन को सक्रिय रहने के निर्देश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नीरज सिंह प्रभावित इलाकों में पहुंचकर राहत व्यवस्था और लोगों की जरूरतों का जायजा लेते नजर आए।

