Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

सेवा संकल्प अभियान से जिले में गूंजा सेवा और आत्मनिर्भरता का संदेश,

विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर रक्तदान, फल वितरण, दीपोत्सव और स्वरोजगार योजनाओं से लाभार्थियों को मिला संबल।

एटा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिलेभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मेडिकल कॉलेज से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर और भाजपा जिला कार्यालय तक रक्तदान, फल वितरण, दीपोत्सव, हवन-पूजन, प्रदर्शनी तथा स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से सेवा और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।

मेडिकल कॉलेज में ईएनटी विभाग की प्रदर्शनी, विद्यार्थियों को मिले प्रमाण-पत्र

वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के नाक, कान एवं गला रोग (ईएनटी) विभाग में विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। इसका शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, एटा सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड और प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने किया। एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा संबंधी विषयों पर तैयार मॉडल और शैक्षणिक प्रस्तुतियां प्रदर्शित कीं। अतिथियों ने मॉडल का अवलोकन कर विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. राजेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा, उप मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोनू यादव, ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीन गर्ग, डॉ. आशीष शर्मा, डॉ. सलीम, डॉ. संतोष सहित सीनियर-जूनियर रेजिडेंट और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा।
वहीं सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिन मेडिकल कॉलेज में आयोजित ‘आशीर्वाद’ कार्यक्रम के अंतर्गत दीपोत्सव में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र और प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने सहभागिता की।

50 लाभार्थियों को सिलाई मशीनें, 523.29 लाख के ऋण वितरित
विकास भवन स्थित शताक्षी सभागार में विश्वकर्मा जयंती कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां 50 लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित की गईं, जबकि विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 523.29 लाख रुपये के ऋण के चेक लाभार्थियों को दिए गए।

ओडीओपी वित्त पोषण योजना के तहत अशोक कुमार गुप्ता को चिकोरी इकाई स्थापित करने के लिए दो करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में उपासना को फर्नीचर निर्माण के लिए 10 लाख, राखी को आटा चक्की के लिए 6.85 लाख और अर्चना गुप्ता को नमकीन इकाई के लिए 10 लाख रुपये का ऋण दिया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत नितिन को ऑटोमोबाइल कार्य के लिए 2.92 लाख और चंद्रवती को ई-रिक्शा के लिए 3.44 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विधायक विपिन वर्मा डेविड, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, क्षेत्रीय महामंत्री मधुलिका राघव और सीडीओ राजेंद्र प्रसाद मिश्र मौजूद रहे। उपायुक्त उद्योग अर्चना कुमारी ने युवाओं से हुनर को उद्यमिता से जोड़कर रोजगार के अवसर पैदा करने का आह्वान किया।

जलेसर में 24 लोगों ने किया रक्तदान, मरीजों को बांटे फल

जलेसर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें एक महिला समेत 24 रक्तदानियों ने रक्तदान किया। शिविर से पहले अस्पताल में पहुंचे मरीजों को फल वितरित किए गए। पालिकाध्यक्ष गौरी देवी वर्मा ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया।
रक्तदान करने वालों में उप जिलाधिकारी पीयूष रावत और पूर्व पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह हैप्पी समेत भाजपा कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल रहीं। देर शाम सीएचसी परिसर में दीप जलाकर सेवा संकल्प दिवस मनाया गया।

भाजपा जिला कार्यालय में हवन-पूजन और रक्तदान शिविर
भाजपा जिला कार्यालय एटा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और विश्वकर्मा जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महामंत्री मधुलिका राघव और जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने प्रधानमंत्री के चित्र पर तिलक कर मिष्ठान वितरित किया। देश की समृद्धि और प्रगति की कामना को लेकर हवन-पूजन किया गया।

जिले की एटा सदर, मारहरा, जलेसर और अलीगंज चारों विधानसभा क्षेत्रों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इसके अलावा अस्पतालों में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा पखवाड़े के तहत जनसेवा के कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखा जाएगा।

Amit Kumar
Amit Kumar (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!