Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

प्रधानमंत्री नरेंदी मोदी के जन्मदिन पर जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल व महिला अस्पताल में फल एवं चॉकलेट वितरित किए

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मरीजों एवं नवजात शिशुओं के परिजनों से मिलकर जाना कुशलक्षेम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान मरीजों को फल और बच्चों को चॉकलेट वितरित की गई।

जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर वहां भर्ती मरीजों से सीधे संवाद किया। उन्होंने मरीजों से इलाज, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। नवजात शिशुओं के परिजनों से भी बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी और अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।

मरीजों से संवाद कर जानीं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ मानवीय व्यवहार किया जाए और इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने अस्पताल के वार्डों में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मरीजों के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने को कहा।

सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसेवा को प्रभावी बनाना

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक संवेदनशील और प्रभावी जनसेवा पहुंचाना है। अस्पताल में भर्ती मरीजों की जरूरतों को समझना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना भी इसी सेवा भावना का हिस्सा है।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन से कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी तरह की परेशानी न हो। अस्पताल में साफ-सफाई से लेकर दवा और मूलभूत सुविधाओं तक लगातार निगरानी रखी जाए। चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मरीजों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लईक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला महिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक तथा स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Sanjay Srivastva
Sanjay Srivastva (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!