बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण, 50 किलो माल के साथ युवक गिरफ्तार,

जैथरा के आबादी क्षेत्र स्थित गोदाम में रखा था करीब एक लाख रुपये का पटाखा स्टॉक।
जैथरा/एटा। आबादी क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण किए जाने के मामले में जैथरा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 11 कार्टून पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों का वजन करीब 50 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन में पटाखा फैक्ट्रियों और भंडारण गोदामों में होने वाली विस्फोट की घटनाओं की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 सितंबर को जैथरा पुलिस ने कस्बे में पालीवाल मार्केट के पास आबादी क्षेत्र स्थित एक गोदाम की जांच की। यहां बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण मिला।
मौके से समीम सिद्दीकी पुत्र सलामत खां निवासी मोहल्ला बढ़ैयान, कस्बा व थाना जैथरा, उम्र 20 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना जैथरा में मु0अ0सं0 307/2026, धारा 9(B)1(b) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह के नेतृत्व में चलाया गया।




