किदवई नगर में साधु वेश में पहुंचे टप्पेबाज, आभूषण दोगुने करने का झांसा देकर ठगी का प्रयास,

महिलाओं को अकेला देखकर बनाते थे निशाना, मोहल्ले वालों ने शक होने पर दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
एटा। शहर के किदवई नगर में बुधवार को महिलाओं को आभूषण दोगुने करने का लालच देकर ठगी करने का प्रयास करने का मामला सामने आया। साधु वेश में पहुंचे दो संदिग्ध लोगों को मोहल्ले वालों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया गया कि दोनों लोग ऐसे घरों को निशाना बनाते थे, जहां दिन के समय महिलाएं अकेली रहती हैं। आरोप है कि महिलाओं को उनके आभूषण दोगुने करने का लालच देकर जेवर लेकर ठगी की जाती थी।
बुधवार को किदवई नगर में दोनों संदिग्धों के पहुंचने पर आसपास के लोगों को उनकी गतिविधियों पर शक हुआ। लोगों ने देखा कि दोनों साधु वेशधारी व्यक्ति घर में अकेली महिलाओं से बातचीत कर रहे हैं। संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर मोहल्ले वालों ने उन पर नजर रखी।
आरोप है कि जैसे ही दोनों ने महिला को अपने झांसे में लेने का प्रयास किया, मोहल्ले वालों ने उन्हें पकड़ लिया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों द्वारा दोनों के साथ मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।
पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर उनके बारे में जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने इससे पहले कहीं इस तरह की ठगी की है या नहीं।



