सहारनपुर में ऑपरेशन सवेरा के तहत बड़ी कार्रवाई, 590 ग्राम स्मैक के साथ 3 नशा तस्कर गिरफ्तार

नानौता पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर नौशाद समेत तीन आरोपियों को दबोचा, 590 ग्राम अवैध स्मैक बरामद
सहारनपुर। ऑपरेशन सवेरा के तहत सहारनपुर पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। नानौता पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर नौशाद भी शामिल बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 590 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को रेलवे स्टेशन रोड स्थित गत्ता फैक्ट्री के खंडहर से गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के लिंक की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
नानौता पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




