अतिवृष्टि पर प्रशासन की पैनी नजर, राहत-बचाव कार्य जारी,

तहसीलवार क्षति का आकलन जारी, पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मिलेगी राहत राशि।
एटा।जिले में 25 सितंबर से हो रही अतिवृष्टि को लेकर जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपालों की टीमें बारिश से हुए नुकसान का मौके पर सर्वे कर रही हैं। क्षति की रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जा रही है।
अलीगंज तहसील में दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसके अलावा मकान क्षति की सूचनाओं का भी सत्यापन कराया जा रहा है। तहसील एटा में 10, अलीगंज में चार पक्के और छह कच्चे तथा जलेसर में एक पक्के मकान की क्षति का आकलन किया जा रहा है। पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकान के लिए 1.20 लाख रुपये तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे और पक्के मकान के लिए क्रमश: चार हजार और 6500 रुपये की राहत राशि का प्रावधान है।
जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी की निकासी
जलभराव वाले क्षेत्रों में पंपसेट लगाकर पानी निकालने का काम जारी है। एटा नगर पालिका के सुनहरी नगर क्षेत्र में पार्क से पानी की निकासी कराई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जरूरत के अनुसार जल निकासी की व्यवस्था की जा रही है।

जलेसर क्षेत्र में जिनावली बंबा में कटान की सूचना पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कटान को तत्काल रुकवाया। सिंचाई विभाग के सहयोग से करीब 100 मीटर बंबे की सफाई भी कराई गई। वहीं, एटा-टूंडला मार्ग पर जिनावली के पास पेड़ गिरने से बाधित यातायात को रात में ही पेड़ हटाकर सुचारु करा दिया गया।

गौशालाओं और फसलों की निगरानी,
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी की टीम गौशालाओं का लगातार निरीक्षण कर रही है। गोवंश के लिए चारा, पानी और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। अतिवृष्टि से दो दुधारू पशुओं और चार बकरियों की पशुहानि की सूचना मिली है। नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।
फसलों को हुए नुकसान का आकलन भी राजस्व टीमें कर रही हैं। 33 प्रतिशत या उससे अधिक फसल क्षति पाए जाने पर पात्र किसानों को नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति या जलभराव की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें।





