Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

बाढ़ पीड़ित से राजनाथ सिंह ने वीडियो कॉल पर पूछा हाल, बोले—हर जरूरतमंद तक पहुंचे मदद, राहत कार्यों में न हो लापरवाही

लखनऊ के भार्गव और गणेश विहार कॉलोनी में राहत वितरण के दौरान रक्षा मंत्री ने राजमणि तिवारी से की बात; एडीएम सिटी और एसडीएम सदर से भी लिया हालात का जायजा

लखनऊ। राजधानी के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों के बीच रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। शनिवार को उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए बाढ़ प्रभावित निवासी राजमणि तिवारी से सीधे बातचीत कर उनका हाल जाना। पूछा कि घरों में कितना पानी भरा है, राहत सामग्री मिल रही है या नहीं और प्रशासन की ओर से किस तरह की मदद पहुंचाई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि संकट की इस घड़ी में कोई भी जरूरतमंद सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए।

🔴 के.पी. सिंह के मोबाइल पर आई रक्षा मंत्री की वीडियो कॉल

भार्गव कॉलोनी और गणेश विहार कॉलोनी में भाजपा कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री पहुंचा रहे थे। इसी दौरान रक्षा मंत्री के विशेष कार्याधिकारी के.पी. सिंह के मोबाइल पर राजनाथ सिंह की वीडियो कॉल आई। उन्होंने मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं से बाढ़ की स्थिति दिखाने को कहा और प्रभावित परिवारों की परेशानियों की जानकारी ली।

राजमणि तिवारी से रक्षा मंत्री की वीडियो कॉल पर बात कराते हुए ओएसडी केपी सिंह

वीडियो कॉल पर राजमणि तिवारी से बातचीत के दौरान रक्षा मंत्री ने जलभराव और दैनिक जरूरतों के बारे में पूछा। साथ ही भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने के प्रयास जारी रहेंगे।

🔴 एडीएम सिटी और एसडीएम सदर से भी की बात

राजनाथ सिंह ने वीडियो कॉल के माध्यम से मौके पर मौजूद एडीएम सिटी और एसडीएम सदर सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों से भी बातचीत की। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित परिवारों की जरूरतों को प्राथमिकता देने और सहायता वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

🔴 जहां रास्ते डूबे, वहां नाव से घर-घर पहुंच रही राहत

बाढ़ के चलते कई इलाकों में आवागमन मुश्किल हो गया है। ऐसे में राहत दल नावों के जरिए प्रभावित परिवारों तक भोजन के पैकेट, पीने का पानी और दैनिक उपयोग की जरूरी सामग्री पहुंचा रहे हैं। कोशिश है कि जलभराव के कारण घरों में फंसे लोगों को आवश्यक वस्तुओं के लिए परेशान न होना पड़े।

🔴 नीरज बोरा, मुकेश शर्मा और के.पी. सिंह राहत कार्यों में सक्रिय

राहत अभियान में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, रक्षा मंत्री के विशेष कार्याधिकारी के.पी. सिंह, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राघवेंद्र शुक्ला, पुष्कर शुक्ला सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रहे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लगातार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संपर्क में रहकर बाढ़ की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। संगठन और जिला प्रशासन के समन्वय से राहत कार्य जारी हैं।

बाढ़ के बीच राहत की उम्मीद: घरों में पानी भरने से परेशान परिवारों के लिए भोजन, पेयजल और जरूरी सामान सबसे बड़ी जरूरत बने हुए हैं। ऐसे में राहत दलों की चुनौती सिर्फ सामग्री बांटना नहीं, बल्कि उन परिवारों तक पहुंचना भी है, जो जलभराव के कारण अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।

मनीष मिश्रा

राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!