Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

ओजोन दिवस: प्रतियोगिताओं में रुहेलखंड विश्वविद्यालय का जलवा, विद्यार्थियों ने जीते तीन पुरस्कार

भाषण प्रतियोगिता में लवी सिंह ने मारी बाजी, काव्य सम्मेलन में सुनैना सक्सेना और प्रणव ने हासिल किया तीसरा स्थान

विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बरेली स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए भाषण और काव्य सम्मेलन प्रतियोगिताओं में कुल तीन पुरस्कार अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है।

विश्व ओजोन दिवस के उपलक्ष्य में बरेली कॉलेज, बरेली की ओर से तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं कराई गईं। इनमें विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र के कल्चरल क्लब से जुड़े विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का प्रभाव छोड़ा।

भाषण में लवी सिंह प्रथम

भाषण प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की छात्रा लवी सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने प्रभावी ढंग से अपने विचार प्रस्तुत करते हुए निर्णायकों को प्रभावित किया। वहीं काव्य सम्मेलन प्रतियोगिता में सुनैना सक्सेना और प्रणव ने तृतीय स्थान हासिल किया। दोनों विद्यार्थियों ने काव्य प्रस्तुति के माध्यम से अपनी रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा केवल कक्षा-कक्ष तक सीमित नहीं रहती। रचनात्मक और सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियां उनके व्यक्तित्व के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को अभिव्यक्ति-कौशल, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए लगातार मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।

कुलपति ने कहा कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की उपलब्धियां विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ उसकी सांस्कृतिक समृद्धि को भी दर्शाती हैं।

लगातार प्रतियोगिताओं में दिखा रहे प्रतिभा

विश्वविद्यालय के कुलसचिव महेंद्र कुमार सिंह ने भी विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार उत्साह के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं। उनकी उपलब्धियां विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय हैं।

सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय ने कहा कि विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में सांस्कृतिक केंद्र के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पुरस्कार प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक केंद्र विद्यार्थियों की प्रतिभा, कौशल और रचनात्मक क्षमताओं को निखारने के लिए लगातार उचित मंच उपलब्ध करा रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे मंचों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। आगे उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के अवसर भी प्राप्त होते हैं। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय, सांस्कृतिक समिति के सदस्यों, संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और कल्चरल क्लब के विद्यार्थियों ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Sanjay Srivastva
Sanjay Srivastva (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!