रक्तदान से बच सकती है किसी की जिंदगी, सेवा संकल्प अभियान में आगे आए भाजपाई

राजकीय मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन, केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा समेत जनप्रतिनिधियों ने रक्तदाताओं का बढ़ाया हौसला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बदायूं स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक, जिलाधिकारी अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला और मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार ने फीता काटकर किया।

शिविर में रक्तदान करने पहुंचे लोगों का अतिथियों ने उत्साहवर्धन किया और उन्हें सम्मानित भी किया। इस दौरान रक्तदान के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करते हुए युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सेवा कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया गया।

केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया जा रहा है। युवाओं को भी ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई बड़ी मानव सेवा नहीं है। समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, ताकि जरूरत के समय मरीजों और उनके परिजनों को रक्त के लिए परेशान न होना पड़े।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि सेवा भाजपा की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जिलेभर में विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार ऐसे पुनीत कार्यों में आगे बढ़कर सहभागी बनना चाहिए। रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जाने की जरूरत है।
बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि सेवा और सहयोग की भावना समाज को मजबूत बनाती है। रक्तदान शिविर के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन ने मानवता की सेवा का संदेश दिया है। उन्होंने रक्तदाताओं के इस प्रयास की सराहना की और अन्य लोगों को भी प्रेरित होने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनसेवा को समर्पित है। रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ने से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
शिविर में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, चिकित्सक, मेडिकल कॉलेज का स्टाफ और बड़ी संख्या में रक्तदाता मौजूद रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उनके सेवा भाव की सराहना की।




