Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

बरेली: प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में जोड़े सरकार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उठाई मांग, सौंपा ज्ञापन

लंबित प्रोत्साहन राशि का तत्काल भुगतान और पोषण ट्रैकर की जीपीएस व्यवस्था हटाने की उठाई आवाज

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन ने बढ़ाई गई 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की है। एसोसिएशन की अध्यक्ष ओमवती ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान की मांग की।

अध्यक्ष ओमवती ने कहा कि प्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा और यूनिफॉर्म के लिए 500 रुपये की बढ़ोतरी किए जाने पर एसोसिएशन सरकार का आभार व्यक्त करती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा घोषणा में 1500 रुपये मूल मानदेय और 2500 रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में बढ़ाए गए हैं।

एसोसिएशन की प्रमुख मांग है कि 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को भी मूल मानदेय में शामिल किया जाए, ताकि इसका भुगतान हर माह नियमित रूप से सुनिश्चित हो सके। ओमवती ने कहा कि पूर्व से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी कई जिलों में नियमित नहीं हो रहा है। कहीं कई माह की राशि लंबित है तो कहीं छह माह और कुछ स्थानों पर एक वर्ष बाद भुगतान किए जाने की स्थिति सामने आ रही है।

पोषण ट्रैकर की जीपीएस व्यवस्था पर भी जताई आपत्ति

ओमवती गंगवार ने पोषण ट्रैकर ऐप के माध्यम से केंद्र संचालन के लिए लागू जीपीएस व्यवस्था को भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए परेशानी का कारण बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर नेटवर्क की समस्या रहती है। इसके अलावा कई कार्यकर्ताओं को मोबाइल रिचार्ज कराने में भी आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि विभागीय बैठक, प्रशिक्षण, रैली अथवा अन्य सरकारी कार्यों के लिए आंगनवाड़ी केंद्र से बाहर जाना पड़ता है। ऐसी स्थिति में जीपीएस आधारित व्यवस्था के कारण उपस्थिति दर्ज करने में भी परेशानी होती है। एसोसिएशन ने इस व्यवस्था को कार्यकर्ताओं की व्यावहारिक दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए लागू नहीं करने की मांग की।

तीन प्रमुख मांगों पर जोर

ज्ञापन के माध्यम से एसोसिएशन ने 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल करने, लंबित प्रोत्साहन राशि का तत्काल भुगतान कराने और जीपीएस व्यवस्था लागू नहीं करने की मांग की। अध्यक्ष ओमवती ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सरकार की विभिन्न योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना जरूरी है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार एसोसिएशन की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को राहत प्रदान करेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मीना, सरोज कुमार, इरम, कमलेश, सत्यवती, सन्नो, विमला देवी, जयश्री, शशि, जगरानी, पार्वती, लक्ष्मी, माया, ममता मौर्य, शकुंतला देवी, उर्मिला तोमर, आरती शर्मा, गीता सागर समेत अन्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Sanjay Srivastva
Sanjay Srivastva (Special Correspondent)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!