मिनी किशोरी के भजनों से भक्तिरस में डूबा गणेश पंडाल,

वृंदावन की भजन गायिका ने बांधा ऐसा समां, देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु।
जलेसर/एटा। महाकाल सेवा समिति जलेसर के तत्वावधान में चिंता हरण सत्संग भवन में चल रहे गणेश महोत्सव के भव्य पंडाल में देर रात तक भक्ति की धारा बहती रही। वृंदावन से आईं सुप्रसिद्ध भजन गायिका मिनी किशोरी ने भगवान श्री गणेश और श्री राधा-कृष्ण के मधुर एवं भक्तिमय भजनों की ऐसी शानदार प्रस्तुति दी कि पूरा पंडाल भक्तिरस में सराबोर हो गया।
मिनी किशोरी ने जैसे ही भजनों की प्रस्तुति शुरू की, पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भक्ति में लीन हो गए। उनके एक के बाद एक भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और तालियां बजाते नजर आए। भजनों के बीच लगते भगवान गणेश और राधा-कृष्ण के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।
गणेश महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भजन संध्या का आनंद लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान पंडाल का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक श्रद्धालु भजनों का आनंद लेते नजर आए।
आयोजक महाकाल सेवा समिति के संरक्षक कपिल देव वार्ष्णेय और अध्यक्ष शिवम वार्ष्णेय ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य लोगों को आध्यात्मिक वातावरण से जोड़ना और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।
भजन संध्या में ठाकुरदास पालीवाल, आंसू बजरंगी, गौरव वार्ष्णेय, शिवम वार्ष्णेय, भल्लन गुरु, अरुण सराफ, तनु वार्ष्णेय, धर्मेश, सविता, सौरव वार्ष्णेय, देव वार्ष्णेय, क्षितिज गुप्ता, आंसू कटारा, कपिल देव वार्ष्णेय सहित सैकड़ों धर्मप्रेमी श्रद्धालु मौजूद रहे।




