नवागत डीएम एम. अरुन्मोंली ने संभाला एटा का कार्यभार, जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाना प्राथमिकता,

आगामी स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, धारा 144 के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई।
एटा। नवागत जिलाधिकारी एम. अरुन्मोंली ने बुधवार को जनपद एटा पहुंचकर जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान अपर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश पाठक, अपर जिला न्यायाधीश रमेश मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र और उप जिलाधिकारी विपिन कुमार मोरल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यभार संभालने के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू कराना और उनका लाभ जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने की अपेक्षा की।
नवागत जिलाधिकारी इससे पहले आगरा में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर कार्य कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ ही जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
आगामी स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भी प्रशासन की तैयारियों पर नजर रहेगी। डीएम ने कहा कि जिले में लागू धारा 144 का सभी लोग पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।




