गणेश महोत्सव में नन्हे कलाकारों ने बिखेरा नृत्य का जलवा,

नियति वार्ष्णेय ने जीता पहला स्थान, प्रसिद्धि गुप्ता द्वितीय और पहल वार्ष्णेय तृतीय रहीं।
जलेसर/एटा। चिंताहरण सत्संग भवन में चल रहे श्री गणेश महोत्सव-2026 के आठवें दिन बुधवार को 9 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की डांस प्रतियोगिता आयोजित की गई। नन्हे कलाकारों ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिता में नियति वार्ष्णेय ने प्रथम, प्रसिद्धि गुप्ता ने द्वितीय और पहल वार्ष्णेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी जलेसर अखिलेश दीक्षित, एसआई रविराज, व्यापार मंडल चेयरमैन आदित्य मित्तल, वैश्य महासभा के प्रदेश सचिव कपिल देव वार्ष्णेय, अध्यक्ष शुभम बंसल, हनी मित्तल, आदित्य बंसल और दीपक पालीवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने सभी अतिथियों का पटका पहनाकर और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश वार्ष्णेय और सौरव वार्ष्णेय ने किया। महाकाल सेवा समिति जलेसर ने अतिथियों, निर्णायक मंडल और आगंतुकों का आभार जताया।




