ब्रेकिंग एटा: रोडवेज में ‘बस के बदले पैसा’ का आरोप, महिला परिचालकों ने खोली व्यवस्था की पोल!

15 दिन से बस नहीं मिलने का दावा, किलोमीटर के अभाव में वेतन अटकने की शिकायत; डीएम के पास पहुंचा मामला

एटा। रोडवेज विभाग में बस ड्यूटी आवंटन को लेकर महिला परिचालकों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। महिला परिचालकों का आरोप है कि उन्हें करीब 15 दिनों से बस नहीं मिल रही है। बस नहीं मिलने के कारण उनके किलोमीटर पूरे नहीं हो पा रहे हैं और वेतन भी प्रभावित हो रहा है। आर्थिक संकट का हवाला देते हुए महिला परिचालकों ने जिलाधिकारी अरविंद सिंह से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
महिला परिचालकों ने डिपो के समय व्यवस्थापक दीपक और सुमित पर पैसे लेकर बस उपलब्ध कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ड्यूटी आवंटन को लेकर उन्होंने कई बार अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी, लेकिन डिपो स्तर पर उनकी सुनवाई नहीं हुई।
‘बस नहीं तो किलोमीटर नहीं, फिर वेतन कैसे मिले?’
महिला परिचालकों का कहना है कि नियमित बस नहीं मिलने से उनकी ड्यूटी प्रभावित हो रही है। किलोमीटर का काम पूरा नहीं होने के कारण वेतन पर भी असर पड़ रहा है। ऐसे में परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि उन्हें ड्यूटी ही नहीं मिलेगी तो वे अपने निर्धारित किलोमीटर कैसे पूरे करेंगी?
मामला अब जिलाधिकारी के दरबार तक पहुंच गया है। महिला परिचालकों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, ड्यूटी आवंटन की व्यवस्था की जांच करने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एआरएम बोले- मामला संज्ञान में नहीं, जांच के बाद होगी कार्रवाई
महिला परिचालकों द्वारा लगाए गए आरोपों पर एआरएम प्रदीप यादव ने कहा कि मामला फिलहाल उनके संज्ञान में नहीं है। मामला संज्ञान में आते ही इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद खुलेगा ‘बस के बदले पैसा’ के आरोपों का राज
महिला परिचालकों
के आरोपों के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर उन्हें 15 दिन तक बस क्यों नहीं मिली? क्या बस ड्यूटी आवंटन में वास्तव में पैसों का खेल चल रहा है या फिर लगाए गए आरोप गलत हैं? शिकायत के बाद होने वाली जांच में ही इन आरोपों की वास्तविकता सामने आएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट होगा कि ड्यूटी आवंटन की व्यवस्था में कहीं अनियमितता हुई है या नहीं और यदि हुई है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है।
डीएम से शिकायत करने पहुंचीं महिला परिचालक।




