एएसपी ने कोतवाली देहात का किया अर्धवार्षिक निरीक्षण,

चौकीदारों से संवाद कर संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने के निर्देश।
एटा। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने शुक्रवार को थाना कोतवाली देहात का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार और अभिलेखों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एएसपी ने लंबित विवेचनाओं और अभियोगों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। लंबित वारंट-सम्मन और न्यायालयीय आदेशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। अपराध नियंत्रण के लिए गश्त और पिकेट व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा संवेदनशील एवं अपराध संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर प्रभावी पेट्रोलिंग, फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा गया। साइबर अपराध की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के बाद एएसपी ने थाना क्षेत्र के चौकीदारों के साथ बैठक की। उन्होंने गांवों में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने तथा महत्वपूर्ण सूचनाएं तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।






