जैथरा पुलिस ने एक आरोपी और दो महिलाओं को किया गिरफ्तार, 19/20 सितंबर की रात हुई थी घटना

खेत में पानी लगाने के विवाद के बाद घर पर फायरिंग, किशोर की आंख में लगी थी गोली
एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के गांव ढकपुरा में खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद घर पर फायरिंग कर 12 वर्षीय किशोर को घायल करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गांव ढकपुरा निवासी रेवती उर्फ नरेंद्र सिंह ने थाना जैथरा में तहरीर देकर बताया था कि 19 सितंबर की शाम करीब पांच बजे खेत में पानी लगाने को लेकर सत्यराम पक्ष से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद 19/20 सितंबर की रात करीब 12:50 बजे आरोपियों ने घर पर पहुंचकर फायरिंग कर दी।
फायरिंग के दौरान वादी का करीब 12 वर्षीय बेटा आशू छत पर सो रहा था। गोली उसकी बायीं आंख में जा लगी। परिजनों ने घायल किशोर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मामले में थाना जैथरा पुलिस ने मुकदमा संख्या 313/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में रघुवीर सिंह समेत नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजकुमार पुत्र बत्तीराम निवासी ढकपुरा तथा दो अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।




