अग्निवीर बनने को देर रात से जुटने लगे अभ्यर्थी, आज लगाएंगे दौड़

14 से 30 सितंबर तक जाट रेजिमेंट सेंटर में होगी भर्ती, पहले दिन पांच जिलों के टेक्निकल ट्रेड अभ्यर्थी होंगे शामिल
सेना में अग्निवीर बनने का सपना संजोए युवाओं का इंतजार अब खत्म हो गया है। बरेली के जाट रेजिमेंट सेंटर में सोमवार से अग्निवीर सेना भर्ती शुरू होने जा रही है। भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह है। रविवार देर रात से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जाट रेजिमेंट सेंटर के प्रवेश द्वार के आसपास पहुंचने लगे। सोमवार को भर्ती के पहले दिन टेक्निकल ट्रेड के अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत दौड़ में दमखम दिखाएंगे।
बरेली सेना भर्ती मुख्यालय के अनुसार, अग्निवीर भर्ती रैली 14 से 30 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। इसमें अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी), अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन के लिए चयन प्रक्रिया होगी। ट्रेड्समैन श्रेणी में आठवीं और दसवीं पास अभ्यर्थी भी शामिल होंगे। भर्ती प्रक्रिया में बरेली समेत मंडल और आसपास के कुल 12 जिलों के युवा प्रतिभाग करेंगे।
भर्ती में केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को शामिल होने का अवसर मिलेगा, जिन्होंने एक से 12 जून के बीच आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई) में सफलता हासिल की है। सीईई में सफल अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता और अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं से गुजरना होगा।
पहले दिन यानी 14 सितंबर को अग्निवीर टेक्निकल ट्रेड में बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई और संभल जिले के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इन अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया के तहत दौड़ और अन्य शारीरिक परीक्षण कराए जाएंगे। भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा और व्यवस्था को लेकर संबंधित स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इसके बाद 15 सितंबर को भी टेक्निकल ट्रेड की भर्ती जारी रहेगी। इस दिन सीतापुर, पीलीभीत, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसी दिन लखीमपुर खीरी के ट्रेड्समैन श्रेणी के आठवीं और दसवीं पास अभ्यर्थियों की भी भर्ती प्रक्रिया होगी।
16 सितंबर को अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) ट्रेड की भर्ती शुरू होगी। पहले दिन जीडी ट्रेड में लखीमपुर खीरी और बहराइच जिले के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों को अलग-अलग तिथियों में भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
भर्ती में हरदोई, पीलीभीत, सीतापुर, बरेली, बहराइच, बलरामपुर, बदायूं, फर्रुखाबाद, लखीमपुर खीरी, संभल, शाहजहांपुर और श्रावस्ती के युवा प्रतिभाग करेंगे। जाट रेजिमेंट सेंटर में भर्ती प्रक्रिया को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
रविवार देर रात से ही अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कई युवा अपने परिजनों के साथ पहुंचे, जबकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहले से ही शहर में पहुंचकर भर्ती स्थल के आसपास ठहर गए। सोमवार को सुबह से ही भर्ती मैदान में युवाओं की शारीरिक क्षमता की परीक्षा शुरू होगी। दौड़ में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अभ्यर्थी लंबे समय से तैयारी कर रहे हैं। अब उनकी मेहनत का असली इम्तिहान भर्ती मैदान में होगा।



