अनंत चतुर्दशी पर निकली भगवान अनंत की भव्य शोभायात्रा,

आकर्षक झांकियों और बैंड-बाजे के साथ नगर में हुआ भ्रमण, श्रद्धालुओं ने की पुष्पवर्षा।
अवागढ़/एटा। अनंत चतुर्दशी पर माहौर वैश्य समाज की ओर से भगवान अनंत की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। इससे पहले मोहल्ला तिवारियान स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दिनभर धार्मिक कार्यक्रम हुए। सुबह मंगला आरती के बाद प्रभात फेरी निकाली गई। हवन-यज्ञ के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। मंदिर में फूल बंगला सजाकर भगवान अनंत को छप्पन भोग लगाया गया।
दोपहर में जेएसबी फार्म पर सम्मान समारोह एवं सजातीय भोज हुआ। इसमें बाहर से आए जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं, वैश्य एकता परिषद के पदाधिकारियों, समाज के बुजुर्गों और प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
शाम को आकर्षक झांकियों, बैंड-बाजे, रोड शो और काली अखाड़े के साथ शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से निकली। शोभायात्रा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान अनंत की आरती उतारकर पुष्पवर्षा की। धार्मिक जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम का संचालन पत्रकार विनीत गुप्ता ने किया। इस दौरान अध्यक्ष ऋषभ गुप्ता, महामंत्री धर्मेंद्र गुप्ता डीके समेत समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।





