Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
Breaking News

अखिलेश का संदेश लेकर कश्यप समाज के बीच पहुंचे एमएलसी किरण पाल कश्यप

सपा कार्यालय में शहर और कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख लोगों की बैठक, 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाने का आह्वान

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का संदेश लेकर सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं एमएलसी किरण पाल कश्यप रविवार को बरेली पहुंचे। उन्होंने सपा कार्यालय में शहर और कैंट विधानसभा क्षेत्र के कश्यप समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठक की। बैठक में समाज की समस्याओं, राजनीतिक भागीदारी और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई। सपा नेताओं ने एमएलसी का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उन्हें प्रतीक चिह्न भेंट किए।

बैठक में वक्ताओं ने कश्यप समाज को समाजवादी पार्टी का मजबूत समर्थक बताते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होकर राजनीतिक भागीदारी निभानी होगी।

भाजपा सरकार में कश्यप समाज का सबसे ज्यादा उत्पीड़न हुआ : किरण पाल

एमएलसी किरण पाल कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार में कश्यप समाज का सबसे अधिक उत्पीड़न और उपेक्षा हुई है। समाज के अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी को कमजोर करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा पिछड़े, वंचित और कमजोर वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने की लड़ाई लड़ी है।

उन्होंने कहा कि वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का संदेश लेकर कश्यप समाज के बीच आए हैं। आज जरूरत समाज को एकजुट करने की है। कश्यप समाज यदि अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएगा तो 2027 में सत्ता परिवर्तन निश्चित है।

इस दौरान एमएलसी किरण पाल कश्यप ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के करीब एक दर्जन युवाओं को धीरज राजपूत और रवि कश्यप के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई।

सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करेगा कश्यप समाज : शुभलेश यादव

सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि कश्यप समाज मेहनतकश, संघर्षशील और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा समाज है। समाजवादी पार्टी ने हमेशा ऐसे वर्गों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सम्मान देने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है। देश की आर्थिक स्थिति को लेकर भी जनता के सामने गंभीर सवाल हैं। अब जनता बदलाव चाहती है। वर्ष 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर जनता भाजपा को जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार में गरीब, किसान, नौजवान, पिछड़े और वंचित वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। जनता भाजपा की नीतियों का जवाब अपने वोट से देगी।

भाजपा संविधान और लोकतंत्र के लिए खतरा : शमीम खां सुल्तानी

महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का रवैया लगातार तानाशाहीपूर्ण होता जा रहा है और विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि संविधान ने पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और कमजोर वर्गों को समान अधिकार दिए हैं। इन अधिकारों की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने कश्यप समाज से सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा की लड़ाई में सपा के साथ खड़े होने का आह्वान किया।

भाजपा ने देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर किया : शाहज़िल इस्लाम

पूर्व मंत्री शाहज़िल इस्लाम ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम आदमी परेशान है। महंगाई और बेरोजगारी लगातार लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश को आर्थिक रूप से कमजोर कर दिया है और जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए दूसरे मुद्दों को सामने लाया जाता है।

पूर्व जिलाध्यक्ष शिव चरन कश्यप ने कहा कि कश्यप समाज हमेशा संघर्ष और कठिन परिस्थितियों में रास्ता बनाने वाला समाज रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक असमानता के भंवर में फंसा दिया है। उन्होंने कहा कि कश्यप समाज भंवर में फंसी नैया को पार लगाने वाला समाज है और अब भाजपा के बनाए भंवर से जनता को अखिलेश यादव के नेतृत्व में निकालकर प्रदेश में सपा की सरकार बनाई जाएगी।

बैठक में कश्यप समाज के प्रमुख लोगों ने समाज से जुड़ी समस्याओं और भाजपा सरकार में कथित उत्पीड़न के मुद्दों को नेताओं के सामने रखा। वक्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई बताते हुए मिशन 2027 को सफल बनाने का संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने की और संचालन महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, पूर्व मंत्री शाहज़िल इस्लाम, जिला महासचिव राजकुमार पाल, शेर सिंह गंगवार, राजेश मौर्य, सुरेंद्र सोनकर, अशोक यादव, पीयूष लोधी, जितेंद्र मुंडे, रणवीर जाटव, हरिओम प्रजापति, नवीन कश्यप, रामसेवक प्रजापति, द्रोण कश्यप, विशाल कश्यप, जमुना मौर्य, आदित्य कश्यप, गोपाल कश्यप, नीटू कश्यप, पप्पू कश्यप, संत कुमार कश्यप, ऋषि कश्यप, शिवराज कश्यप, विक्रम कश्यप, अविनाश कश्यप, विष्णु कश्यप, प्रदीप कश्यप, भोला कश्यप, हर्षित कश्यप, सोनू कश्यप, मनोज कश्यप, आकाश कश्यप, ओमपाल कश्यप, मनीषा सक्सेना एडवोकेट, नवनीत कश्यप, रवि कश्यप, सुनील मिश्रा, धीरज राजपूत, रत्न राजपूत, अंकित राजपूत, मोहित राजपूत, अमर राजपूत, अमन राजपूत, विकास राजपूत और कुणाल राजपूत समेत सपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

UP News Bureau

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!