एसएसपी का कंट्रोल रूम पर औचक धावा, सीसीटीवी से लेकर यूपी-112 तक परखी व्यवस्था,

हर सूचना पर तत्काल रिस्पांस के निर्देश, नजदीकी पीआरवी और थाने की टीम को तुरंत भेजने की हिदायत।
एटा। जिले की पुलिसिंग और आपातकालीन रिस्पांस व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए एसएसपी डॉ. इलामारन ने पुलिस कंट्रोल रूम, यूपी-112 और सीसीटीवी सेंटर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम में लगे मॉनिटर और तकनीकी सिस्टम की जांच कर जिलेभर की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया।
एसएसपी ने सीसीटीवी मॉनिटरिंग, आईटी कनेक्टिविटी और थानों की संचार व्यवस्था को बारीकी से परखा। कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि किसी भी सूचना को लंबित न रखा जाए और सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई शुरू की जाए।
उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही सबसे नजदीकी पीआरवी और संबंधित थाने की पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजा जाए। साथ ही रिस्पांस टाइम की लगातार निगरानी की जाए, जिससे जरूरत के समय लोगों को पुलिस सहायता मिलने में देरी न हो।




